Assam Crime: असम के गोलाघाट जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां कानून-व्यवस्था संभालने वाले उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी को ही चोरी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। गोलाघाट जिले के सरूपथार में सह-जिला पुलिस अधीक्षक (CDSP) के पद पर तैनात दीपेन पातर को ओएनजीसी (ONGC) की पाइपलाइन से कच्चा तेल चुराने के मामले में संलिप्तता पाए जाने के बाद बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
ONGC पाइपलाइन से तेल चोरी केस (प्रतीकात्मक फोटो)
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) स्वप्ननील डेका ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 3 अगस्त को सरूपथार थाना क्षेत्र के तहत आने वाले श्याम गांव में घटी थी, जहां ओएनजीसी की मुख्य पाइपलाइन से अवैध रूप से कच्चा तेल चुराया गया था। इस मामले की शुरुआती जांच के दौरान 29 अगस्त को कुछ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे हुई पूछताछ और मौके से जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच टीम जब आगे बढ़ी, तो इसमें सीडीएसपी दीपेन पातर की भूमिका भी उजागर हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: स्वतंत्र भारद्वाज की जमानत अर्जी पर 14 सितंबर को फैसला, CJP प्रदर्शन मारपीट मामले में 21 तक न्यायिक हिरासत
इन धाराओं में मामला किया दर्ज
सबूत सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने बिना किसी ढिलाई के अपने ही अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पातर को हिरासत में ले लिया। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और पेट्रोलियम व खनिज पाइपलाइन अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
2 दिनों की मांगी गई पुलिस रिमांड
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी सीडीएसपी को सरूपथार स्थित स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से गहन पूछताछ के लिए 2 दिनों की पुलिस रिमांड मांगी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
