आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे सतेन्द्र जैन की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जैन को बीजेपी के इशारे पर गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ दर्ज यह मामला भी आखिरकार ‘फर्जी साबित होगा।’
अरविंद केजरीवाल ने सतेन्द्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा।
केजरीवाल ने कहा कि सतेन्द्र जैन के खिलाफ पहले दर्ज किया गया मामला भी कथित तौर पर फर्जी था और अब उन्हें एक बार फिर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह मामला भी गलत साबित होता है तो जेल में बिताए गए समय और कथित मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा।
भाजपा पर लगाया तानाशाही का आरोप
उन्होंने बीजेपी पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसा रही है। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी और देश की जनता सतेन्द्र जैन के साथ मजबूती से खड़ी है।
किस मामले में हुई सतेन्द्र जैन की शादी
बता दें कि सतेन्द्र जैन और दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय समेत छह लोगों को दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े टेंडर में कथित भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव और निजी व्यक्ति नागेंद्र यादव, राजा कुमार कुर्रा तथा पंकज वर्मा शामिल हैं।
यह मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के विस्तार और अपग्रेडेशन से जुड़े टेंडर में कथित बड़े पैमाने पर अनियमितता, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोपों को लेकर 11 मई 2024 को सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर दर्ज किया गया था। इस मामले में पूछताछ के लिए ACB ने सतेन्द्र जैन को पिछले साल 6 जून को तलब किया था,जिसके बाद उन्होंने एजेंसी के समक्ष पेश होकर पूछताछ में हिस्सा लिया था।
