UP Congress New President: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। पार्टी ने आराधना मिश्रा मोना (Aradhana Misra Mona) को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अजय राय (Ajay Rai) की जगह ली है, जिन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (Imran Masood) को उत्तर प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष बनने के बाद आराधना मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर आराधना मिश्रा मोना ने कहा, “मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार व्यक्त करना चाहती हूं, जिन्होंने मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगी। 2027 का चुनाव नजदीक है और हमें गठबंधन के सिद्धांतों को भी कायम रखना है। मुझे पूरा विश्वास है कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कांग्रेस परिवार के विशाल समर्थन, जिसमें हमारे ऊर्जावान युवा भी शामिल हैं, के साथ हम इस चुनौती का सामना करेंगे और 2027 में INDIA गठबंधन की सरकार बनाएंगे।”
इसके अलावा देवेंद्र निषाद (Devendra Nishad) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता भी नियुक्त किया है। आपको बता दें कि टाइम्स नाउ नवभारत आज सुबह से ही इन नामों को लेकर सूत्रों के हवाले से खबरें चला रहा था। जिस पर अंतत: मुहर लग गई है।
यूपी कांग्रेस में बड़ा फेरबदल
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'ज्ञानेश जाएंगे, उन्हें बैठाने वाला सिस्टम भी जाएगा', प्रदर्शनकारियों की हिरासत पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने अजय राय से की थी वन-टू-वन मुलाकात
कांग्रेस यूपी और पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले नए प्रदेश अध्यक्ष बदलकर सत्ता पक्ष को संदेश दे दिया है कि वह आगामी इन दोनों राज्यों के चुनावों को तनिक भी हल्के में लेने के मूड में नहीं है। इसी को देखते हुए यह बदलाव हुए हैं। पीएम मोदी के खिलाफ वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले अजय राय को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष (up congress naya adhyaksh) पद से हटा दिया गया। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक दिन पहले अजय राय से वन-टू-वन मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उन्हें इस फैसले की जानकारी दे दी गई थी।
कांग्रेस का यूपी में सोशल इंजीनियरिंग
जिसके बाद अराधना मिश्रा ‘मोना’ को यूपी कांग्रेस की कमान मिल गई है। रामपुर खास से तीन बार की विधायक और कांग्रेस विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा (who is aradhana mishra) वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। प्रियंका गांधी के साथ ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान में भी उन्होंने काम किया है। कांग्रेस का यूपी में सोशल इंजीनियरिंग फॉर्मूला-ब्राह्मण + दलित + ओबीसी + मुस्लिम को साधने की कोशिश है।
कार्यकारी अध्यक्ष पद की दौड़ में देवेंद्र निषाद, दानिश अली, सुशील पासी, सांसद तनुज पुनिया और सांसद राकेश राठौर के नाम चर्चा में थे। राजेंद्र पाल गौतम के प्रदेश प्रभारी और अराधना मिश्रा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस यूपी में सामाजिक समीकरण को नए सिरे से साधने की कोशिश करेगी।
