Anant Singh vs Neeraj Kumar: बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दो बड़े नेताओं के बीच की जुबानी जंग अब और तेज हो गई है। पार्टी के दबंग विधायक अनंत सिंह ने JDU के MLC नीरज कुमार (Neeraj Kumar)पर सीधा हमला बोलते हुए तीखे आरोप लगाए हैं। अनंत सिंह ने साफ लहजे में कहा कि वह पहली बार नीरज कुमार के बारे में बोल रहे हैं और अगर उनकी किसी भी बात में जरा भी झूठ है, तो वह कोर्ट जाने के बजाय किसी भी मंदिर में भगवान के सामने खड़े होकर बात करने को तैयार हैं।
JDU MLA अनंत सिंह का बड़ा दावा
अनंत सिंह (Anant Singh)ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीरज कुमार शुरुआत से ही उनके खिलाफ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार, आरपी सिंह को अपना गुरु मानते थे और उन्हीं के इशारे पर उन्हें चर्चित एके-47 (AK-47) मामले में फंसाने का काम किया गया था। इतना ही नहीं, अनंत सिंह का यह भी कहना है कि नीरज कुमार ने पुलिस के जरिए उनकी मुखबिरी करवाई ताकि उन्हें गिरफ्तार कराया जा सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'भारत पर ही क्यों हो सवाल', NGT सम्मेलन में PM मोदी बोले- विकसित देशों का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन छह गुना ज्यादा
JDU से कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं-अनंत सिंह
चुनावी गणित पर बात करते हुए अनंत सिंह ने याद दिलाया कि एक समय उन्होंने नीरज कुमार को चुनाव जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन इस बार स्थितियां अलग हैं। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में उनके उम्मीदवार अनुज कुमार हैं। अनंत सिंह ने यह साफ कर दिया कि पार्टी (JDU) से उनका कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है, लेकिन अनुज कुमार चाहे जिस भी दल से चुनावी मैदान में उतरें, वह पूरी मजबूती से उनका समर्थन करेंगे।
विधायक अनंत सिंह ने किया दावा
विधायक अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि JDU के किसी बड़े नेता ने इस विवाद पर उनसे कुछ नहीं कहा है। उन्होंने नीरज कुमार से जुड़े तमाम सबूत और जानकारियां मोबाइल के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिखा दी हैं। अब देखना यह होगा कि दोनों नेताओं के बीच छिड़ी यह जंग पार्टी के अंदर क्या नया मोड़ लाती है।
