अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनावों के नतीजे आए, नोमान अशरफ बने अध्यक्ष, नसरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष

AMUSU Results 2026: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) छात्रसंघ चुनाव में 8 साल बाद नए पदाधिकारियों की घोषणा हुई। नोमान अशरफ अध्यक्ष, लॉ छात्रा नसरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष और मोहम्मद हमदान मानद सचिव चुने गए।

AMUSU Results 2026: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के इतिहास में शुक्रवार की सुबह एक नया मील का पत्थर साबित हुई। कैंपस में लगातार 19 दिनों तक चले छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद आखिरकार छात्रसंघ (AMUSU) की बहाली हुई और 8 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यूनिवर्सिटी को अपनी नई छात्र सरकार मिल गई। गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए मतदान के बाद पूरी रात चली वोटों की गिनती के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इतिहास विभाग के पीएचडी छात्र मोहम्मद नोमान अशरफ ने अध्यक्ष पद पर बंपर वोटों से जीत हासिल की। इसके साथ ही, छात्रसंघ के इतिहास में पहली बार किसी महिला उम्मीदवार ने केंद्रीय पद पर परचम लहराया है। लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा नईम उपाध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर एएमयू की पहली महिला उपाध्यक्ष बन गई हैं। वहीं, इंजीनियरिंग के छात्र मोहम्मद हमदान ने मानद सचिव पद पर परचम फहराया।

aligarh muslim university

नोमान अशरफ 4,121 वोटों से जीतकर बने AMU छात्रसंघ

जानें किसे मिले कितने वोट

रात भर चली मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह चुनाव अधिकारियों ने परिणाम घोषित किए, जिनमें सभी पदों पर एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर विजेता मोहम्मद नोमान अशरफ रहे, जिन्हें 7,797 वोट मिले। नोमान के निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतखाब रहे, जिन्हें 3,676 वोट मिले। नोमान अशरफ ने 4,121 वोटों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम विजेता घोषित हुईं, जिन्हें 7,091 वोट मिले। नसरा के निकटतम प्रतिद्वंदी साकिब अली खान रहे, जिन्हें 5,818 वोट मिले और नसरा ने 1,273 वोटों से जीत हासिल की। मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान विजेता घोषित हुए, जिन्हें 8,385 वोट मिले। निकटतम प्रतिद्वंद्वी अहमद फराज राजी रहे, जिन्हें 6,882 वोट मिले। हमदान ने 1,503 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। तीनों शीर्ष पदों के उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा वोट मोहम्मद हमदान को मिले।

End of Feed