आतंकी साजिश फिर नाकाम; अमृतसर में IED और इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर समेत कई चीजें बरामद, पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने का था प्लान

स्वतंत्रता दिवस से पहले अमृतसर में पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए 690 ग्राम की आईईडी बरामद की है। संदिग्ध पैकेट से डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी मिला, जिसे बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। पुलिस अब विस्फोटक को मौके तक पहुंचाने वालों और इसके पीछे छिपे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Amritsar News: स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब के अमृतसर जिले में पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 690 ग्राम वजन की आईईडी बरामद की। आशंका है कि इस विस्फोटक का इस्तेमाल पुलिस से जुड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए किया जाना था। आईईडी के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और एक लोहे का बॉक्स भी मिला है।

Amritsar Terror Plot

पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की योजना का हुआ पर्दाफाश (फोटो- डीजीपी पंजाब पुलिस/Twitter)

पुलिस के मुताबिक, बरामद विस्फोटक काले रंग के मोम से लिपटे एक पैकेट में रखा हुआ था। सूचना मिलने के बाद बम डिस्पोजल स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। बरामद अन्य सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर ग्रामीण पुलिस की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के कारण राष्ट्रविरोधी तत्वों की संभावित साजिश को समय रहते विफल किया जा सका। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और विस्फोटक यहां तक पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

End of Feed