दिल्ली : उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपरा का प्रतीक इगास-बग्वाल पर्व दिल्ली में भी धूमधाम से मनाया गया। गढ़वाल से भाजपा सांसद अनिल बलूनी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों, नेताओं और धर्मगुरुओं ने शिरकत की। अमित शाह ने अग्नि प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मेहमानों का मन मोह लिया।
अमित शाह समेत कई मंत्रियों ने मनाया इगास-बग्वाल पर्व
2018 में शुरू किया था इगास को पहचान दिलाने का अभियान
अनिल बलूनी ने वर्ष 2018 में इगास-बग्वाल पर्व को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से अभियान शुरू किया था। वह हर साल दिल्ली स्थित अपने आवास पर इस लोकपर्व का आयोजन करते हैं। इसके अगले दिन वह उत्तराखंड के किसी गांव में स्थानीय लोगों के साथ इगास मनाते हैं। इस दौरान पारंपरिक भैलो अनुष्ठान में भी हिस्सा लेते हैं।
बलूनी ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में बताया कि दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले इस पर्व का उद्देश्य पलायन कर चुके लोगों को अपने पैतृक गांवों की ओर लौटने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे पलायन के कारण खाली हो रहे पहाड़ी और सीमावर्ती गांवों में फिर से रौनक लौट सकती है।
अपनी जड़ों और मिट्टी से जोड़ता है इगास पर्व
बलूनी के मुताबिक, इगास को बढ़ावा देने के सामूहिक प्रयासों ने लोगों को अपनी जड़ों और अपनी मिट्टी से दोबारा जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह आनंद और उल्लास का पर्व सामाजिक एकता तथा सद्भाव के मूल्यों से जुड़ा है। उन्होंने कामना की कि लोक संस्कृति का यह पवित्र उत्सव उत्तराखंड के लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का संचार करे। उन्होंने यह भी कहा कि इगास पलायन रोकने और पहाड़ी गांवों को फिर से जीवंत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
रेखा गुप्ता और सीएम धामी भी हुए शामिल
इस कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में स्वामी चिदानंद जी महाराज, आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज, बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, बाबा रामदेव और त्रिलोचन दास सहित कई संत एवं आध्यात्मिक गुरु भी मौजूद रहे।
उत्तराखंड के दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के जरिए उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को देशभर में पहचान दिलाने का संदेश दिया गया।
