Samba News: भारत पाकिस्तान के सीमा पर बढ़े तनाव के बीच कई ऐसी खबरें आ रही हैं, जिसमें भारतीय सेना के पराक्रम और मुस्तैदी की उदाहरण दिख रहे हैं। ऐसी ही एक और खबर आई है। 8-9 मई की रात सीमा सुरक्षा बल ने जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में एक घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
पहलगाम आतंकी हमले और उसके जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत एवं पाकिस्तान के बीच बढ़े हुए तनाव के बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध आतंकवादियों की घुसपैठ के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया।
बीएसएफ ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर शुक्रवार तड़के एक पोस्ट में कहा, ‘‘बीएसएफ ने आठ मई 2025 को रात करीब 11:00 बजे जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास घुसपैठ के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया।’’
अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या गोलीबारी की चपेट में कोई आतंकवादी भी आया है। उन्होंने कहा कि स्थिति सुबह के समय क्षेत्र की छानबीन करने पर स्पष्ट होगी।
घुसपैठ की यह कोशिश ऐसे दिन में हुई है जब भारत ने जम्मू, पठानकोट, उधमपुर एवं कुछ अन्य स्थानों पर पाकिस्तान द्वारा मिसाइल एवं ड्रोन से किए गए हमलों को विफल कर दिया।
(इनपुट-भाषा)
