अहमदाबाद के दरियापुर इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय महिला ने अपने पति करणभाई राजेशभाई हडियल के खिलाफ माधवपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति के दूसरी महिलाओं के साथ संबंध थे। इसका विरोध करने पर पति उसके साथ मारपीट करता था और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
सीसीटीवी फुटेज में खुला पति का राज।
शिकायत के मुताबिक, महिला ने 31 अगस्त 2017 को करणभाई के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों करीब डेढ़ साल तक अलग रहे। इसके बाद महिला अपने पति, सास ललिताबेन, ससुर राजेशभाई और दो देवरों सागर व मेहुल के साथ रहने लगी। महिला ने बताया कि ससुर का वर्ष 2024 में निधन हो गया था। उसके मुताबिक, सास-ससुर और दोनों देवर उसके साथ अच्छा व्यवहार करते थे।
पहले भी दूसरी महिला के साथ पकड़ा था पति
महिला ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2020 में बड़े बेटे के जन्म के बाद पति ने दो-तीन बार बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट की थी। हालांकि, उस समय उसने अस्पताल में इलाज नहीं कराया और परिवार के बीच समझौता कर लिया।महिला का आरोप है कि जब उसका बड़ा बेटा करीब एक साल दो महीने का था, तब उसने पति को किसी दूसरी महिला के साथ पकड़ा था। इसके बाद वह बेटे को लेकर अपनी मां के घर चली गई थी। उस समय उसने अहमदाबाद की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर-2 में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत आवेदन किया था। बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से दोनों के बीच समझौता हो गया। शिकायतकर्ता ने 3 जून 2023 का समझौता पत्र भी पेश करने की बात कही है।
सरसपुर के संयुक्त मकान में भी दूसरी महिला को लाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, बाद में महिला और उसका पति अपने परिवार के साथ करीब 13 महीने तक रहे। इसके बाद दोनों ने मिलकर सरसपुर स्थित इंडियाबुल्स में ब्लॉक नंबर B-11, मकान नंबर 104 खरीदा। महिला के मुताबिक, मकान के दस्तावेज में उसका और उसके पति का नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। महिला का आरोप है कि इस मकान में रहने के दौरान भी पति दूसरी महिला से संबंध नहीं रखने की बात कहने पर उसके साथ मारपीट करता था। दूसरे बेटे के जन्म के बाद पति किसी न किसी बहाने उसे सरसपुर स्थित मकान में रखने के बजाय उसकी मां के घर छोड़ आता था।
CCTV फुटेज में दूसरी महिला को घर लाने का दावा
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि 16 मई 2026 को उसके पति ने उसकी जानकारी के बिना एक अन्य महिला को सरसपुर स्थित उनके घर में लाया था। घर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज में यह घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। महिला के मुताबिक, जब उसने पति को फुटेज दिखाए तो उसने उसे किसी को इस बारे में नहीं बताने और उसकी बात मानने के लिए कहा। महिला ने इस घटना की जानकारी अपनी मां, सास और ससुराल पक्ष के अन्य बुजुर्गों को भी दी। हालांकि, उसके मुताबिक परिवार के लोगों ने भी पति के नहीं सुधरने की बात कही।महिला ने पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया है कि पति के दूसरी महिलाओं के साथ संबंधों का विरोध करने पर उसे बार-बार मारपीट और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उसने कहा है कि वह पति के खिलाफ मौजूद CCTV फुटेज अदालत में पेश करेगी।
