Ahmedabad News: अहमदाबाद के जजीस बंगलो रोड स्थित भगवती स्वीट मार्ट में Times Now Navbharat की पड़ताल के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। कोटेड बादाम के पैकेट में जिंदा कीड़े मिलने के बाद खाद्य विभाग ने दुकान सील करने की कार्रवाई की है। अहमदाबाद में दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर Times Now Navbharat की LIVE कैमरा रेड में यह मामला सामने आया।
टाइम्स नाउ नवभारत के लाइव कैमरे पर मिला कीड़ा (फोटो साभार- TNN)
वडोदरा स्वीट मार्ट का मामला
अहमदाबाद के जजेस बंगला रोड स्थित वडोदरा स्वीट मार्ट में सीलबंद कोटेड बादाम के डिब्बे को कैमरे के सामने खोला गया तो उसके अंदर जिंदा कीड़े मिले। इस खुलासे के बाद खाद्य विभाग हरकत में आया और दुकान को सील करने की कार्रवाई की गई। Times Now Navbharat की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र पटेल की मौजूदगी में डिब्बे को खुलवाकर जांच की। डिब्बे पर मैन्युफैक्चरिंग डेट 1 सितंबर और एक्सपायरी डेट 30 अक्टूबर दर्ज थी। पैकेट से सामग्री निकालते ही उसमें जिंदा कीड़े दिखाई दिए। डिब्बे के अंदर भी कीड़े घूमते नजर आए।
कैमरे के सामने खुला सीलबंद डिब्बा
पड़ताल के दौरान सीलबंद पैकेट को खाद्य सुरक्षा अधिकारी के सामने खोला गया। इसके अंदर मौजूद कोटेड बादाम में कीड़े मिलने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और भंडारण को लेकर सवाल उठे। हमने दुकान में रखे दूसरे पैकेटों की एक्सपायरी डेट भी जांची। काफी पैकेट्स एक्सपायरी के करीब थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- सिक्योरिटी रूम में पत्नी की लाश देख पुलिस के भी उड़े होश! खून से लथपथ मिली बॉडी, पति की हैवानियत जान कांप जाएगी रूह
दुकानदार ने मानी गलती
मामले पर दुकान संचालक ने कहा कि सीलबंद पैकेट के अंदर क्या है, इसका पता नहीं चल पाता। उन्होंने दावा किया कि दुकान में ताजा माल रखा जाता है और एक्सपायरी के करीब पहुंचने वाले उत्पादों को एक-दो दिन पहले हटा दिया जाता है। हालांकि, पूछताछ के दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस मामले में गलती हो सकती है।
खुलासे के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई
दिवाली से पहले मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स की बढ़ती मांग के बीच इस घटना ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। Times Now Navbharat की LIVE कैमरा रेड में सीलबंद डिब्बे से कीड़े निकलने का मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने दुकान को सील करने की कार्रवाई की। खाद्य विभाग त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों और उनके कच्चे माल के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज रहा है। वहीं मामले में 20 हजार रुपये की पेनल्टी हुई है। इस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष विभाग की आधिकारिक जानकारी के आधार पर स्पष्ट होंगे।
