Agra Railway Underpass: उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से 500 मीटर की दूरी पर बसे नगला पुलिया के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 50 साल के लंबे इंतजार के बाद यहां के बाशिंदों को रास्ता मिलेगा। रास्ता मिलने से एक लाख लोगों को फायदा होगा। दरअसल, नगली पुलिया और आसपास की तकरीबन एक लाख की आबादी रेलवे ट्रैक पार करके ही दूसरी तरफ जाना पड़ता है। कई बार यहां अंडरपास के प्रस्ताव भी बने। बजट भी मिला, लेकिन जमीन के अभाव में यहां अंडरपास नहीं बन पाया। अब रेलवे ने नगला पुलिया और सोहल्ला की रेलवे लाइन के बीच 100 मीटर की दूरी पर अंडरपास बनाने के लिए जमीन का चयन कर लिया है। इसके लिए बरसों पुरानी सीओडी की लाइन को बंद करना होगा।
आगरा में नगला पुलिया के पास बनेगा अंडरपास
मंडल रेल प्रबंधक आनंद स्वरूप ने लोगों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा। नगला पुलिया के लोग लंबे वक्त से आगरा कैंट और सोहल्ला जाने के लिए एक संकरी पुलिया पर ही निर्भर हैं। बारिश में इस पुलिया में पानी भर जाता है।
