Agra News: आगरा में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। यहां एक बार फिर पाइपलाइन टूटने का मामला सामने आया है। पाइपलाइन टूटने के कारण आधे आगरा को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। बता दें कि यमुना से पानी को लिफ्ट करने वाली सिकंदरा जल संस्थान की पाइपलाइन कैलाश मंदिर के पास टूट गई थी। सिकंदरा जल संस्थान से आधे शहर में पानी की आपूर्ति की जाती है। इस कैलाश मंदिर के पास से पाइपलाइन टूटने के बाद से आधे शहर के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। पाइपलाइन टूटन के कारण प्रेशर कम हो गया है, जिसके कारण ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच रहा है। सिकंदरा जल संस्थान से जुड़ी बस्तियों और कॉलोनियों में पानी न आने से लोग आक्रोश में है। यहां पिछले कई दिनों से लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।
पाइप लाइन के टूटने से आधे शहर में जल संकट
इन जिलों में पानी की सप्लाई ठप
सिकंदरा जल संस्थान की पाइपलाइन टूटने के कारण मारुति एस्टेट, शाहगंज, मानस नगर, पश्चिम पुरी, लोहा मंडी, आवास विकास, बोदला, मदिया कटरा, जगदीशपुर आदि क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों का बस एक ही सवाल है कि बार-बार पाइपलाइन क्यों टूट रही है। आगरा में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस बीच पानी न आने से लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि ये पाइपलाइन शनिवार को टूटी थी। पाइपलाइन टूटने के बाद आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। पाइपलाइन टूटने के बाद जीएम जलकल कुलदीप सिंह ने जानकारी दी की पाइपलाइन की मरम्मत के बाद शुक्रवार शाम तक जलापूर्ति शुरू हो जाएगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान यमुना जल की 90 एमएलडी सप्लाई रुकी रहेगी लेकिन गंगाजल की आपूर्ति सुचारु रहेगी।
बार-बार टूट रही है पानी की लाइन
जल निगम के एई आदित्य कुमार ने बताया कि ये लाइन 28 वर्ष पुरानी है। इसे 1996 में बिछाई गया था। लाइन के पुराने होने के कारण उसकी हालत जर्जर हो गई है, जिसके कारण अक्सर लाइन टूटती रहती है। आदित्य कुमार ने बताया कि नई लाइन बिछाने के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव प्रशासन को भेजा गया है।
