Hathras Road Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा क्षेत्र में अलीगढ़-आगरा रोड पर बुधवार तड़के उत्तराखंड रोडवेज की बस और उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत और 17 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। इसमें से तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाथरस सड़क दुर्घटना
रोडवेज बसों की टक्कर में हुआ बड़ा हादसा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा मीतई गांव के पास हुआ, जब आगरा से टनकपुर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस हाथरस से आगरा जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोडवेज बस के चालक विजय सिंह (52) की मौके पर ही मौत हो गई। वह हाथरस के सादाबाद के टिकेट गांव का रहने वाला था। घायलों में उत्तराखंड रोडवेज की बस का चालक यूनिस (47) भी शामिल है, जो उत्तराखंड के अलीनगर का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु माथुर ने कहा कि यह टक्कर तड़के करीब तीन बजे चंदपा इलाके में हुई। इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर चंदपा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायल यात्रियों को बागला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। माथुर ने कहा, "प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।" उन्होंने बताया कि अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
