Guyana President: ताजमहल का दीदार करने जाने वाले पर्यटकों के लिए यह जरूरी खबर है। बुधवार को पर्यटकों को दोपहर दो बजे के बाद ताजमहल में एंट्री नहीं मिलेगी। इससे पहले ही पर्यटक ताजमहल का दीदार कर सकेंगे। दरअसल, ताजनगरी के दौरे पर गुयाना के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद इरफान अली 11 जनवरी को ताजनगरी आगरा आएंगे। मोहम्मद इरफान अली यहां ताजमहल का दीदार करेंगे। गुयाना के राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने भी पूरी व्यवस्था कर ली है।
गुयाना के राष्ट्रपति करेंगे ताज का दीदार
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सोमवार को प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का आयोजन हुआ था। इसी कार्यक्रम में गुयाना के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद इरफान अली मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे।
गुयाना के राष्ट्रपति के दौरे की वजह से अन्य पर्यटकों की नो एंट्री
आपको बता दें कि 11 जनवरी को गुयाना के राष्ट्रपति के दौरे की वजह से अन्य पर्यटक दोपहर 2:00 बजे के बाद ताजमहल का दीदार नहीं कर पाएंगे। आगरा जिला प्रशासन के अनुसार, अब 11 जनवरी की शाम को 4:00 बजे गुयाना के राष्ट्रपति विशेष विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां से वो सीधे करीब 4:30 बजे ताजमहल का दीदार करने पहुंचेंगे। इसके बाद वह शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी
एएसआई अधीक्षक राजकुमार पटेल के अनुसार, गुयाना के राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गईं हैं। किसी भी कमी की कहीं कोई गुंजाइश नहीं है। दोपहर दो बजे के बाद ताजमहल में पर्यटकों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी वीवीआईपी विजिट के चलते ताजमहल को अन्य पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाता है। इससे पहले, गुयाना के राष्ट्रपति समेत कई प्रवासी भारतीय मंगलवार को इंदौर के पीथमपुर पहुंचे। यहां उन्होंने ओद्यौगिक क्षेत्र के अपेरल पार्क इकोनोमिक जोन का दौरा किया। करीब दो घंटे के प्रवास के दौरान प्रसिद्ध दवा कंपनी, सोया प्लांट और वाहनों के पुर्जे बनाने वाली कंपनी का जायजा लेते हुए उद्पादन संबंधी जानकारी ली।
