Firozabad News: फिरोजाबाद में शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला पोपी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार दोपहर कुएं में गिरे मोबाइल को निकालने के दौरान एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब एक बजे की है, जब ध्रुव (25) अपने चचेरे भाई अजय (28) और दोस्त चंद्रवीर के साथ कुएं के किनारे बैठा था। तभी उसका मोबाइल फोन कुएं में गिर गया। जिसे निकालने के प्रयास के दौरान तीन युवकों की कथित तौर पर मीथेन गैस से मौत हो गई।
फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा
तीनों युवक एक-एक कर कुएं में उतरे
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट विशु राजा ने बताया कि ध्रुव मोबाइल निकालने के लिए कुएं में कूद गया, लेकिन जब वह आधे घंटे तक वापस नहीं आया तो अजय भी उसकी मदद के लिए कुएं में कूद गया। उन्होंने बताया कि जब दोनों वापस नहीं आए तो चंद्रवीर भी कुएं में उतर गया। उन्होंने बताया कि तीनों के बाहर नहीं आने पर मौके पर एकत्रित लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस व प्रशासन को दी।
4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
अपर जिला अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मौके पर क्षेत्राधिकारी व उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद को भेजा। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह कुआं इसी परिवार की पुश्तैनी जगह पर स्थित है और तीनों युवकों की मौत संभवतः कुएं में मीथेन गैस के कारण हुई है।
(इनपुट - भाषा)
