उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ है। दिवाली की रात में वाटर वर्क्स फ्लाई ओवर पर खड़े ट्रक में एक कार पीछे से घुस गई। जैसे ही कार फ्लाईओवर पर खड़े ट्रक में घुसी तो कार में लगे एयरबैग खुल गए, ऐसे में कार में आगे बैठे लोग बच गए। हालांकि कार सवार चारों लोग घायल हो गए। चारों में से दो लोगों की हालत गंभीर बनी है। घायलों का इलाज जारी है। मंगलवार सुबह तक फ्लाई ओवर से हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को नहीं हटाया जा सका।
आगरा में वाटरवर्क्स फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, आगरा के वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर रामबाग से भगवान टाकीज की तरफ जाने वाली लेन में सोमवार रात को एक ट्रक खराब हो गया। चालक ने ट्रक को सड़क पर ही छोड़ दिया। पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं थी।
सड़क पर खड़े ट्रक में घुसी कार
इसके साथ ही ट्रक चालक ने कोई संकेत भी नहीं लगाया हुआ था। रात में रामबाग की ओर से एक कार आ रही थी। कार में चार लोग सवार थे। फ्लाईओवर पर अंधेरा हो रहा था। ऐसे में कार चालक को ट्रक नहीं दिखाई दिया और अचानक कार सड़क पर खड़े ट्रक में घुस गई। इस बीच कार का एयरबैग खुल गया। इससे चालक और आगे की सीट पर बैठे अन्य शख्स की जान बच गई। हालांकि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कार में पीछे वाली सीट पर बैठे दोनों लोग भी घायल हो गए। आनन-फानन सभी को अस्पताल में ले जाया गया।
सुबह तक हाईवे पर खड़े रहे हादसे में क्षतिग्रस्त कार और ट्रक
हाईवे पर सुबह तक हादसे में क्षतिग्रस्त कार और ट्रक खड़े हुए थे। पुलिस को भी घटना की जानकारी नहीं मिली। रात में सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम होने की वजह से हादसे की जानकारी नहीं हुई। सुबह जब वहां से वाहन चालक गुजरे तो हादसे की जानकारी हुई। उन्होंने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि, घटना की जानकारी की जा रही है। घायलों का पता किया जा रहा है।
