Agra News: रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। कोहरे के सीजन में दिसंबर महीने की शुरुआत होते ही ट्रेनों को निरस्त और आंशिक निरस्त होना शुरू हो जाएगा। आगरा मंडल की ट्रेनों में भी कई ट्रेनें शामिल हैं। आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी अब शनिवार और रविवार को पटरियों पर नहीं दौड़ेगी। इसके अलावा आधा दर्जन ट्रेनों को गंतव्य स्टेशन से पहले ही आंशिक निरस्त करने का एलान किया गया है। रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेनों को कैंसिल करने का फरमान जारी हुआ है। एक दिसंबर से तीन महीने तक यह ट्रेनें कैंसिल रहेंगी। इसके अलावा कई ऐसे ट्रेनें हैं, जिनके फेरे घटा दिए गए हैं।
कोहरे की आशंका के बाद कई ट्रेनें की गई रद्द
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव के अनुसार, आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी तीन दिसंबर से 26 फरवरी तक शनिवार और रविवार को नहीं चलेगी। रोजाना चलने वाली 12179/12180 लखनऊ जंक्शन-आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन दिसंबर महीने में 03, 04, 10, 11, 17, 18, 24, 25, 31 तारीख को और जनवरी 2023 में 01, 07, 08, 14, 15, 21, 22, 28, 29 और फरवरी में 04, 05, 11, 12, 18, 19, 25, 26 तारीख को रद्द रहेगी।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
इसके अलावा, गाड़ी संख्या 12177 हावड़ा-मथुरा जंक्शन दो दिसंबर से 24 फरवरी तक आगरा छावनी से मथुरा जंक्शन स्टेशन के मध्य और गाड़ी संख्या 12178 मथुरा जंक्शन-हावड़ा एक्सप्रेस पांच दिसंबर से 27 फरवरी तक आगरा छावनी से मथुरा जंक्शन स्टेशन के बीच रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 12319 कोलकाता-आगरा छावनी सात दिसंबर से 22 फरवरी तक, गाड़ी संख्या 12320 आगरा छावनी-कोलकाता एक्सप्रेस आठ दिसंबर से 23 फरवरी तक आगरा छावनी से मथुरा जंक्शन स्टेशन के बीच नहीं चलेगी। इसके अलावा, लखनऊ जंक्शन से बरौनी जाने वाली ट्रेन चार दिसंबर से दो मार्च तक और बरौनी से लखनऊ जंक्शन एवं वाराणसी से देहरादून जनता एक्सप्रेस का एक दिसंबर से 28 फरवरी तक संचालन नहीं होगा।
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समेत कई ट्रेनों के फेरे घटाए
रेलवे के अनुसार, देहरादून से वाराणसी जनता एक्सप्रेस दो दिसंबर से एक मार्च, अंबाला से बरौनी तीन दिसंबर से 28 फरवरी तक, बरौनी से अंबाला पांच दिसंबर से दो मार्च तक नहीं चलेगी। लखनऊ जक्शन से दिल्ली डबल-डेकर एक दिसंबर से 28 फरवरी तक और दिल्ली से लखनऊ डबल-डेकर एक दिसंबर से 28 फरवरी तक, बरेली से लखनऊ इंटरसिटी एक दिसंबर से 28 फरवरी, प्रयागराज से लखनऊ इंटरसिटी चार दिसंबर से तीन मार्च तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा, डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस और लालगढ़ डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस के फेरे घटा दिए हैं। बाघ एक्सप्रेस, ग्वालियर बरौनी एक्सप्रेस, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई लखनऊ जंक्शन, लखनऊ जंक्शन वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई ट्रेनों के फेरे भी घटाए गए हैं।
