पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी 26 नवंबर को मोगा में बड़ी रैली करने जा रही है। पार्टी के 14वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। रैली में पार्टी की ओर से अब तक घोषित किए गए सभी 71 उम्मीदवार एक साथ मंच साझा करेंगे। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी मौजूद रहेंगे। इस आयोजन के जरिए आप अपनी चुनावी रणनीति और राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी में है।
AAP करेगी पंजाब में चुनाव प्रचार का आगाज
मालवा को साधने के लिए मोगा का चुनाव
रैली के आयोजन के लिए मोगा को चुनने के पीछे भी राजनीतिक गणित है। पंजाब के मालवा क्षेत्र के मध्य में स्थित मोगा लंबे समय से बड़े राजनीतिक आयोजनों का केंद्र रहा है। यहां से लुधियाना, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला जैसे जिलों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। वहीं, जालंधर के रास्ते दोआबा क्षेत्र से भी इसका संपर्क है। ऐसे में मोगा की रैली के जरिए पार्टी एक साथ पंजाब के कई अहम इलाकों तक अपना संदेश पहुंचाना चाहती है।पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 69 मालवा, 23 दोआबा और 25 माझा क्षेत्र में हैं। आम आदमी पार्टी अब तक इनमें से 71 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी प्रत्याशियों का एलान कर चुकी है। इससे संकेत मिलता है कि पार्टी चुनावी मैदान में उतरने से पहले उम्मीदवारों की घोषणा के साथ संगठन को भी सक्रिय करने में जुटी है।
92 सीटों की जीत के बाद दोबारा सत्ता में लौटने की चुनौती
बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पंजाब की 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में बनी सरकार अब अपने करीब पांच साल के कामकाज के साथ जनता के सामने जाने की तैयारी कर रही है। मोगा की रैली में इसी कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा।इस रैली का एक बड़ा मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करना भी होगा। पार्टी नेतृत्व उन्हें अगले चुनाव की तैयारियों और जनता तक सरकार के कामकाज की जानकारी पहुंचाने को लेकर संदेश देगा।
71 उम्मीदवारों को एक मंच पर लाने के सियासी मायने
पंजाब के मौजूदा माहौल से देखें तो 71 उम्मीदवारों और हल्का इंचार्ज को एक मंच पर लाने का फैसला भी बड़ा महत्व रखता है। पार्टी ने करीब 61 प्रतिशत विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। अब मोगा की रैली के जरिए इन उम्मीदवारों की सामूहिक मौजूदगी और संगठनात्मक तैयारियों को सामने रखा जाएगा। यह कार्यक्रम पंजाब के तीनों क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर बन सकता है।
