पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर की गई छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार तथा भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताया और व्यापारियों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
अरविंद केजरीवाल।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पंजाब के हिंदू व्यापारियों को ईडी की कार्रवाई के जरिए परेशान किया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से घबराने की बजाय कानून के तहत अपना पक्ष रखने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब सरकार और राज्य की जनता उनके साथ खड़ी है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पंजाब में राजनीतिक सहयोगियों की तलाश में है, लेकिन उसे अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है।
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य के व्यापारी पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग व्यापारियों को डराने और उन पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। मान ने कहा कि पंजाब सरकार अपने व्यापारिक समुदाय के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रकार की अनुचित कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेगी।
आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश को “ईडी इकोनॉमी” नहीं बल्कि नवाचार और निवेश आधारित अर्थव्यवस्था की जरूरत है। सिसोदिया ने दावा किया कि भारत की कुछ बड़ी कंपनियां वैश्विक निवेशकों के प्रमुख सूचकांकों से बाहर हो रही हैं, जबकि दुनिया का निवेश कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सेमीकंडक्टर और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों की कार्रवाइयों और अनिश्चित कारोबारी माहौल का असर निवेश और रोजगार सृजन पर पड़ रहा है। सिसोदिया ने कहा कि देश में नई नौकरियों और उद्यमों को बढ़ावा देने के बजाय राजनीतिक और जांच संबंधी दबाव का माहौल बनाया जा रहा है, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है।
