LIVE
शहरों के मुख्य समाचार (Aaj ke Mukhya Samachar), 01 July 2024 Highlights: एमपी विधानसभा मॉनसून बजट सत्र आज, लोनावला में झरने के नीचे डूबने से परिवार के तीन लोगों की मौत
शहरों के मुख्य समाचार, आज के ताजा समाचार (Aaj ke Mukhya Samachar) 01 July 2024 Highlights : एमपी विधानसभा मॉनसून बजट सत्र आज। लोनावला में झरने में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, मथुरा में पानी की टंकी ढही, मलबे की चपेट में आयी दो महिलाओं की मौत और 12 घायल हैं। आगरा हवाई अड्डे का नया टर्मिनल दो वर्ष में तैयार हो जाएगा। उधर, अयोध्या राम पथ के निर्माण में लापरवाही की जांच के लिये समिति गठित की गई। वहीं, दिल्ली में छत का एक हिस्सा गिरने से छह साल के बच्चे की मौत हो गई। इसके अलावा अनंतनाग में सड़क दुर्घटना में दो अमरनाथ तीर्थयात्री घायल हो गए। इसी प्रकार की राज्यों से जुड़ी ताजा तरीन खबरें जानने के लिए टाइम्स नाउ के साथ बने रहिए। इसके अलावा राज्यों के मुख्य समाचार कुछ इस प्रकार हैं।
JUL 01, 2024 16:59 IST
MP: एक ही परिवार के पांच लोगों का शव घर में लटका मिला
मध्य प्रदेश के अलीराजपुर इलाके में एक दंपति और उनके तीन बच्चों का शव घर में लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया में ये आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है।
JUL 01, 2024 16:10 IST
राउरकेला इस्पात संयंत्र में गैस रिसाव के बाद आठ लोग बीमार
ओडिशा में सोमवार को सरकार के स्वामित्व वाले भारतीय इस्पात प्राधिकरण के राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) में गैस रिसाव के बाद आठ लोग बीमार हो गए। आरएसपी के प्रभारी निदेशक अतनु भौमिक ने कहा कि यह घटना इस्पात संयंत्र की भट्टी (ब्लास्ट फर्नेस) पांच में हुई। उन्होंने कहा कि बीमार हुए लोगों को तुरंत इस्पात जनरल अस्पताल ले जाया गया।
JUL 01, 2024 16:09 IST
रायगढ़ में झरने में डूबने के दो दिन बाद ट्रैकर का शव बरामद
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को 38 वर्षीय ट्रैकर का शव बरामद किया गया, जो एक छोटे से झरने में बह गया था। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार को पश्चिमी घाट के तहमिनी में हुई। उन्होंने बताया कि पूर्व सैन्यकर्मी स्वप्निल धावड़े लगभग 30 लोगों के समूह के साथ ट्रेकिंग कर रहे थे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में धावड़े एक छोटे से झरने में कूदते और बाहर निकलने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वह फिसल गए और तेज बहाव में बह गए।
JUL 01, 2024 14:15 IST
मणिपुर में ट्रक गुजरने के दौरान पुल ढहने से एक व्यक्ति लापता
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में एक ट्रक के गुजरने के दौरान एक पुल ढह जाने से एक व्यक्ति लापता हो गया। उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार को वांगोई पुलिस थाना क्षेत्र के मुतुम फिबो में हुई। यह ट्रक लकड़ी लेकर जा रहा था और इंफाल नदी पर बने पुल को पार कर रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रक नदी में गिर गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक में सवार तीन लोगों को बचा लिया, लेकिन चालक लापता हो गया। चालक की पहचान एम बोराजो (45) के रूप में हुई है और उसकी तलाश जारी है। राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वाई खेमचंद ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा, "मैंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने और पुल की जल्द से जल्द मरम्मत करने को कहा है। ऐसा लगता है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई।"
JUL 01, 2024 13:35 IST
मथुरा में पानी की टंकी ढहने की घटना की जांच के लिए समिति गठित
मथुरा नगर के आबादी वाले क्षेत्र में पानी की टंकी ढहने की घटना की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की गयी है जो कि एक सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। थाना कोतवाली क्षेत्र में बीएसए डिग्री कॉलेज के पीछे उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा विकसित कॉलोनी कृष्णा विहार में जल निगम द्वारा निर्मित ढाई लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी रविवार शाम अचानक ढह गयी। इस घटना में मलबे में दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई तथा 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
JUL 01, 2024 12:45 IST
वाराणसी में सपा नेता के घर पर गोलीबारी
वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र के मीरघाट मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं पूर्व पार्षद के घर पर गोलीबारी की। हमले में एक बच्चा सहित छह लोग घायल हो गए। इस मामले में संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि सपा नेता विजय यादव के तहरीर पर पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसने शिकायत के हवाले से बताया कि सोमवार को अंकित यादव और उसके साथियों ने रंजिश को लेकर सपा नेता विजय यादव के घर पर धावा बोल दिया और गोलीबारी भी की।
JUL 01, 2024 12:43 IST
सुल्तानपुर में रोडवेज बस ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ क्षेत्र में वाराणसी से लखनऊ जा रही एक रोडवेज बस ने एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस घटना में ट्रैक्टर सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात लगभग सवा दो बजे वाराणसी से लखनऊ जा रही एक रोडवेज बस ने लम्भुआ थाना क्षेत्र के दियरा पुल के पास ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर चालक और उसके सहयोगी की मौत हो गई। उसने बताया कि घटना के बाद बस चालक फरार हो गया और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
JUL 01, 2024 11:22 IST
त्रिपुरा में चार करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
उत्तरी त्रिपुरा के बागबासा इलाके में चार करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार को मिजोरम से आ रहे एक वाहन को असम-अगरतला राजमार्ग पर रोका गया। पुलिस अधीक्षक भानुपद चक्रवर्ती ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "तलाशी के दौरान वाहन के विभिन्न हिस्सों में रखी 408 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सिपाहीजाला जिले के सोनामुरा उपखंड के निवासी सोहेल मिया और दिलवर हुसैन नामक दो लोगों को मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।"
JUL 01, 2024 11:22 IST
लोनावला में जलाशय में डूबे दो लापता बच्चों की तलाश जारी
पुणे के लोनावला इलाके में परिवार के तीन अन्य सदस्यों के साथ भुशी बांध के पास जलाशय में डूबे दो लापता बच्चों की तलाश पुलिस, नौसेना के गोताखोरों और अन्य बचाव दलों ने सोमवार को फिर से शुरू कर दी। रविवार को हुई इस घटना के बाद बचाव दल ने 36 वर्षीय महिला और दो नाबालिग लड़कियों के शव बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार, अन्य दो लापता बच्चों अदनान सबहत अंसारी (4) और मारिया अकील अंसारी (9) की तलाश जारी है। लोनावला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, "वन्यजीव रक्षक मावल, शिव दुर्ग ट्रेकर्स संगठन और नौसेना के गोताखोरों के बचाव दल ने सोमवार की सुबह दोनों बच्चों की तलाश के लिए फिर से अभियान शुरू किया।"
JUL 01, 2024 09:33 IST
JUL 01, 2024 08:38 IST
नोएडा फर्जी कॉल सेंटर मामले में छह और गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करने के मामले में रविवार को छह और लोगों को गिरफ्तार किया, जिससे मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 79 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 90 में भूटानी एंथम बिल्डिंग से संचालित इस कॉल सेंटर का शनिवार को पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को छह लोगों की गिरफ्तारियां भी सेक्टर-142 पुलिस थाने की एक टीम ने की और अभियान में 45 लाख रुपये नकद जब्त किए गए।
JUL 01, 2024 07:50 IST
JUL 01, 2024 07:16 IST
एमपी विधानसभा मॉनसून बजट सत्र आज, हंगामें के आसार
: एमपी विधानसभा के बजट सत्र में आज कई मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष के बीच गहमागहमी का माहौल देखने को मिलेगा। खासकर, नर्सिंग कॉलेज घोटाले और फसलों के एमएसपी समेत कई मुद्दों पर टकराव होने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर
JUL 01, 2024 05:32 IST
JUL 01, 2024 05:55 IST
JUL 01, 2024 05:29 IST
मथुरा में पानी की टंकी ढही, मलबे की चपेट में आयी दो महिलाओं की मौत, 12 घायल
मथुरा नगर में रविवार शाम एक आवासीय कॉलोनी की टंकी अचानक ढह गयी जिससे कई मकान उसके मलबे की चपेट में आ गये। इस घटना में दो महिलाओं की मौत हो गयी और 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। लगभग ढाई लाख लीटर क्षमता वाली यह पानी की टंकी तीन साल पहले ही बनकर तैयार हुई थी।
JUL 01, 2024 05:29 IST
आगरा हवाई अड्डे का नया टर्मिनल दो वर्ष में तैयार हो जाएगा: राज्यमंत्री बघेल
केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पंचायती राज राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने रविवार को कहा कि आगरा के खेरिया स्थित हवाई अड्डे का नया टर्मिनल दो साल में पूरी तरह तैयार हो जाएगा और यहां से उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
JUL 01, 2024 05:28 IST
अयोध्या राम पथ के निर्माण में लापरवाही की जांच के लिये समिति गठित
शुरुआती बारिश में ही लगभग एक दर्जन स्थानों पर धंसने की वजह से चर्चा में आये राम पथ के निर्माण में घोर लापरवाही की जांच के लिए अयोध्या प्रशासन ने एक समिति गठित की है। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने रविवार को बताया, ‘‘सभी संबंधित विभागों की एक समिति गठित की गई है, जो जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यह समिति उन सीवेज चैंबर/मैनहोल के निर्माण से संबंधित गड़बड़ियों की जांच करेगी जिनमें गड्ढे हो गये हैं।
JUL 01, 2024 05:28 IST
दिल्ली में छत का एक हिस्सा गिरने से छह साल के बच्चे की मौत
नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार को एक पुरानी इमारत की छत का एक हिस्सा गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शाम को जब यह घटना हुई, तब बच्चा छत पर खेल रहा था। इस घटना में उसे गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
JUL 01, 2024 05:28 IST
अनंतनाग में सड़क दुर्घटना में दो अमरनाथ तीर्थयात्री घायल
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में रविवार को एक सड़क दुर्घटना में कम से कम दो अमरनाथ तीर्थयात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना चंदनवाड़ी में उस समय हुई जब तीर्थयात्री एक वैन में सवाल होकर गुफा मंदिर की ओर जा रहे थे।
