Aaj Barish Ka Mausam : उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि जारी है। बुधवार देर रात तक उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश और ओले गिरे। हवाओं की गति अधिक होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों और राज्य के कुछ पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में मौसमी गतिविधियों के अलावा घना से अति घना कोहरा छाया रहेगा।
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी में आज बारिश
आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग अलग स्थानों पर गरज के साथ वर्षा हुई। वहीं, बरेली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इन दोनों स्थानों पर तेज हवाएं चलीं। सबसे अधिक 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगरा में हवा चली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर घना कोहरा भी देखा गया। मौसम विभाग के मुताबिक, संभल के गुतरौर में पांच सेमी, कन्नौज के तिरवा में चार सेमी और अमरोह, बरेली, ललितपुर, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और हरदोई में तीन-तीन सेमी वर्षा दर्ज की गई।
इसने बताया कि गोरखपुर और अयोध्या मंडलों में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। लखनऊ, बरेली और आगरा मंडलों में भी रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। राज्य में बृहस्पतिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
राजस्थान में बारिश
राजस्थान के कई स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह खत्म हुए पिछले 24 घंटो के दौरान पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर वज्रपात व मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 26.0 मिलीमीटर बारिश मनोहर थाना (झालावाड़) में दर्ज की गयी। वहीं इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर मध्यम से घना कोहरा भी दर्ज किया गया।
इस दौरान अधिकतम तापमान डुंगरपुर में 28.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान नागौर में 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, अभी राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तेज उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। वहीं, एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 जनवरी व एक फरवरी को राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
