LIVE
दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से 12 डिग्री, पहाड़ों में बर्फबारी से बदला दिल्ली-यूपी का मौसम, ठिठुरन वाली ठंड के साथ कोहरे की शुरुआत
जम्मू-कश्मीर केसोनमर्ग-गुलमर्ग समेत कई इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिल रहा है। पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी से दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा व उत्तर भारत के अन्य कई राज्य में सुबह-शाम के समय ठिठुरन वाली ठंड की शुरुआत हो गई है। ठंड के साथ कई राज्यों में कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। दिल्ली, यूपी और बिहार के कई जिले कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी पर भी असर देखने को मिल रहा है। इससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने लगी है। वहीं दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु और केरल के कुछ जिलों में आज भी भारी बारिश का दौर जारी है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा अन्य शहरों में मौसम का हाल -
NOV 18, 2024 15:48 IST
दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से 12 डिग्री
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद उसका सीधा असर अब एनसीआर में देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह से ही तेज और ठंडी हवाएं एनसीआर में चलने लगी थीं, लेकिन तब तक पारे में इतनी गिरावट दर्ज नहीं की गई थी। जबकि सोमवार सुबह पारे में काफी ज्यादा गिरावट देखने को मिली है और यह न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से 12 डिग्री तक भी पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
NOV 18, 2024 15:46 IST
एनसीआर में मौसम ने ली करवट, ठंड के साथ धुंध और प्रदूषण की दोहरी मार
एनसीआर में देर से ही सही लेकिन ठंड का आगाज हो चुका है और पारे में गिरावट भी दर्ज की गई है। सोमवार सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था। जो आने वाले दिनों में और भी नीचे जाने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान भी 26 डिग्री तक बने रहने की उम्मीद है। इसके साथ-साथ धुंध और प्रदूषण की दोहरी मार से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है।
NOV 18, 2024 15:41 IST
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार से पूछा सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने जीआरएपी के विभिन्न चरणों के तहत प्रदूषण नियंत्रण उपाय लागू करने में देरी को लेकर दिल्ली सरकार से सवाल किया।
NOV 18, 2024 14:40 IST
हरियाणा के इन शहरों में रही जीरो विजिबिलिटी
हरियाणा आज सुबह घने कोहरे के चलते 3 जिलों में विजिबिलिटी शून्य पर दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, हिसार और भिवानी में सुबह के समय विजिबिलिटी जीरो पर रही। वहीं हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में विजिबिलिटी 30 मीटर दर्ज की गई।
NOV 18, 2024 13:25 IST
यूपी में आज सुबह छाया घना कोहरा
आज उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया था। आज सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखने को भी मिला। मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के 3 शहरों में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। ये शहर बलिया, कुशीनगर और सरसावां हैं।
NOV 18, 2024 12:00 IST
पंजाब के 3 शहरों में जीरो विजिबिलिटी हुई दर्ज
पंजाब के कई इलाकों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिसकी वजह से कुछ शहरों में विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह पटियाला, आदमपुर और हलवारा में जीरो विजिबिलिटी रही। वहीं लुधियाना में 10 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई।
NOV 18, 2024 11:20 IST
NOV 18, 2024 09:17 IST
NOV 18, 2024 08:10 IST
NOV 18, 2024 07:30 IST
राजस्थान के 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
राजस्थान में मौसम ठंडा बना हुआ है। यहां कई जिलों में कोहरे की भी शुरुआत हो गई है। ठंड और प्रदूषण के बीच कोहरे की शुरुआत से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, बीकानेर, चूरू और सीकर में मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
NOV 18, 2024 05:44 IST
बिहार में मौसम का हाल
बिहार में मौसम ठंडा बना हुआ है। सुबह-शाम की ठंड में अब हल्की ठिठुरन महसूस होने लगी है। इस बीच पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
NOV 18, 2024 05:44 IST
तमिलनाडु में भारी बारिश
तमिलनाडु के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, रामनाथपुरम, शिवगंगई, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, नागापट्टिनम, मयिलादुथुराई, अरियालुर और कुड्डालोर शामिल है। इसके अलावा अन्य जिलों में आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
NOV 18, 2024 05:43 IST
केरल के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल के त्रिशूर, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोझिकोड और वायनाड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों में हल्की बारिश की संभावना के साथ आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है। बारिश से प्रदेश का मौसम कूल-कूल बना हुआ है।
NOV 18, 2024 05:43 IST
यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से गोरखपुर तक कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने इन जिलों में कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है। आज यूपी के गाजियाबाद, बागपत, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज और गोरखपुर समेत कई अन्य जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इससे यातायात व्यवस्था भी भारी प्रभाव देखने को मिल सकता है। सबसे अधिक परेशानी रेल यात्रियों को हो सकती हैं।
NOV 18, 2024 05:43 IST
दिल्ली में घना कोहरा
मौसम विभाग ने पूरी दिल्ली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन चढ़ने के साथ कोहरे में कमी आती है। बता दें कि अभी केवल सुबह के समय घना कोहरा देखा जा रहा है। तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। दिल्ली में ठिठुरन वाली ठंड की शुरुआत हो गई है।
