Mandla News: मध्य प्रदेश के मंडला में बड़ा हादसा हुआ है। यहां हीरापुर गांव में गणेश मंच में सो रहे 8 लोगों को करंट लगा है जिनमें से 4 की मौके पर मौत हो गई है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बिजली के खंभे में लगे टी सी बिजली कनेक्शन के मीटर के पास से तार टूटकर मंच में सो रहे लोगो के ऊपर गिर गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, 2 घायल हुए हैं और एक गंभीर को घायल को जिला अस्पताल रैफर किया गया है। एक शख्स को मामूली चोट आई है। एसडीएम और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे हुए हैं। घटना सुवह करीब 5 बजे की है।
करंट लगने से 4 की मौत ( प्रतीकात्मक तस्वीर )
4 युवाओं की मौके पर ही झुलसकर मौत
मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। नैनपुर तहसील के हीरापुर गांव में शनिवार तड़के गणेश पंडाल में सो रहे युवाओं पर बिजली का हाई-टेंशन तार टूटकर गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में 4 युवाओं की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की शुरुआती जांच के बाद घटना की मुख्य वजहों की जानकारी दी है।
मूर्ति विसर्जन के बाद पंडाल में ही सो गए थे युवा
नैनपुर के थाना प्रभारी मंशा राम बागेन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित हीरापुर गांव में हुई। गणेशोत्सव आयोजक समिति के सदस्य शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर वापस लौटे थे। विसर्जन के बाद थकावट के कारण आठ युवा पंडाल के अंदर ही जमीन पर सो गए।
शॉट सर्किट और बारिश की नमी बनी काल
पुलिस की प्राथमिक जांच के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5:00 बजे जब इलाके में बिजली की सप्लाई फिर से शुरू हुई, तो अचानक शॉट सर्किट हुआ। इसके कारण ऊपर से गुजर रहा एक बिजली का तार टूटकर सीधे नीचे सो रहे युवाओं के ऊपर आ गिरा। थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन पर सो रहे होने के कारण करंट शरीर में बहुत तेजी से फैला। सभी युवा जमीन पर सो रहे थे, जिससे करंट को शरीर के आर-पार जाने के लिए सीधा रास्ता मिल गया। हालिया मौसम के कारण जमीन और माहौल में काफी नमी थी, जिसने करंट को और भी अधिक घातक बना दिया।
तार गिरते ही चीख-पुकार मच गई। चार युवाओं की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि कुछ लोग जान बचाकर भागने में सफल रहे। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान- पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान कर ली गई है
जैनू भंवरे (19 वर्ष)
रवि झरिया (24 वर्ष)
कृष्णा कुमार भंवरे (18 वर्ष)
वीरेंद्र भंवरे (24 वर्ष)
घटना के बाद पूरे हीरापुर गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी व तकनीकी जांच की जा रही है।
