Churu News: राजस्थान के चूरू जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने अब उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करने की रणनीति अपनाई है। पुलिस अपराधियों को जेल भेजने के साथ-साथ अपराध से कमाई अवैध संपत्तियों और आर्थिक संसाधनों पर भी कार्रवाई कर रही है। जिले के 26 बड़े अपराधियों की लगभग 3.61 करोड़ रुपये की संदिग्ध अवैध संपत्तियां पुलिस के रडार पर हैं। इन संपत्तियों को कोर्ट के जरिए कुर्क और जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
चूरू में 26 अपराधियों की अवैध संपत्तियां होंगी कुर्क-जब्त
एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 26 इस्तगासे (शिकायतें) कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं। इनमें 19 मामले फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं, जबकि पांच मामलों में अदालत की ओर से कार्रवाई खारिज की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है, ताकि अवैध कमाई के जरिए आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा न मिल सके।
इन जगहों के अपराधी रडार पर
पुलिस के मुताबिक, 26 मामलों में सरदारशहर और राजगढ़ थाने के चार-चार अपराधियों की संपत्तियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा बीदासर के तीन, रतनगढ़, रतननगर और तारानगर के दो-दो तथा चूरू कोतवाली, चूरू सदर, सुजानगढ़, साहवा, सालासर, भानीपुरा, दूधवाखारा, हमीरवास और भालेरी थाना क्षेत्र के एक-एक अपराधी की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
सालासर में हिस्ट्रीशीटर की कार नीलाम
इस अभियान में सालासर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर भागीरथ उर्फ फिडिया उर्फ भागेश उर्फ पिंटू प्रजापत, निवासी वार्ड नंबर 9, सालासर की संपत्ति को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया था। नए कानून के तहत सुजानगढ़ एसीजेएम अदालत में इस्तगासा पेश किया गया। अदालत से नीलामी की अनुमति मिलने के बाद सुजानगढ़ तहसीलदार की ओर से कार की नीलामी कराई गई। इससे 1.85 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसे राजकोष में जमा कराया गया।
राजगढ़ और हमीरवास में अवैध निर्माण ध्वस्त
पुलिस की कार्रवाई संपत्ति केवल जब्ती और नीलामी तक सीमित नहीं है। राजगढ़ में एक गैंगस्टर के भवन पर पुलिस-प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की और उसे ध्वस्त कर दिया। वहीं, हमीरवास थाना क्षेत्र में भी एक बदमाश के अवैध निर्माण को ढहा दिया गया है। इसके अलावा पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी यूनिक भांबू की चूरू जिला मुख्यालय स्थित अवैध संपत्ति पर भी बुलडोजर कार्रवाई हो चुकी है।
एसपी ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार कुर्की, जब्ती और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
