साल 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों को 18 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित औपचारिक परेड में शामिल होकर हमले में जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। 26 नवंबर 2008 की रात समुद्री रास्ते से मुंबई में दाखिल हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया था। ताज और ओबेरॉय होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), नरीमन हाउस, कामा अस्पताल, मेट्रो सिनेमा और लियोपोल्ड कैफे समेत कई स्थानों पर हुए हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।
शहीदों को श्रद्धांजलि देते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
उज्ज्वल निकम ने साजिश की तह तक पहुंचने पर उठाए सवाल
बरसी के मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि भारत ने न्यायिक स्तर पर कड़ा संदेश दिया, लेकिन व्यापक साजिश से जुड़े कई सवाल आज भी लोगों के मन में हैं। उन्होंने कहा कि करीब 18 साल बीत जाने के बावजूद कोई उस दिन को भूल नहीं पाया है और हर भारतीय के मन में यह सवाल उठता है कि वे 10 आतंकी कौन थे, उन्होंने हमला क्यों किया और उनका मकसद क्या था। निकम ने कहा कि उन्हें संतोष है कि जीवित पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को फांसी दी गई, लेकिन यह सवाल बाकी है कि क्या हम हमले की साजिश रचने वालों तक पहुंच पाए हैं और क्या 166 पीड़ितों को पूरा न्याय मिल सका है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दोहराई जीरो टॉलरेंस की नीति
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों और सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप से लड़ने तथा दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है।
18 साल बाद भी 'छोटू चायवाला' को सब है याद
लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस पर गोलियों के निशान, तथा अजमल कसाब को पकड़ते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा आज भी उस त्रासदी की याद दिलाती है। सीएसएमटी पर अपनी सतर्कता से कई लोगों की जान बचाने में मदद करने वाले चश्मदीद और 'छोटू चायवाला' के नाम से चर्चित मोहम्मद तौफीक शेख ने कहा कि 18 साल बाद भी उस रात की यादें उनकी नींद उड़ा देती हैं। तौफीक शेख के मुताबिक, वे चाय के पैसे लेने गए थे और बाहर खड़े थे तभी पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद भगदड़ मच गई। उन्होंने लोगों को चेताया, अंदर जाकर गेट बंद किया और अधिकारियों को सूचना दी। भीतर आए हमलावर ने पंजाबी में गाली देते हुए गोलियां चलाईं, जिनमें से एक मेज पर लगी, दूसरी से कांच टूटा और तीसरी छिटककर लगी। उस समय उन्होंने परिवार को फोन कर अंतिम विदाई की बात कह दी थी। हमले के दौरान सुरक्षा बलों ने नौ आतंकवादियों को मार गिराया था, जबकि कसाब को पकड़ा गया था। मई 2010 में उसे मौत की सजा सुनाई गई और दो साल बाद पुणे की जेल में उसे फांसी दी गई।
