लखीमपुर खीरी : जिले में अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने विभाग के भीतर अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बयान में बताया गया कि गहन विभागीय समीक्षा में पाया गया कि पुलिसकर्मी बिना किसी अनुमति के एक महीने या उससे अधिक समय से अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित थे, जिनमें हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और विभिन्न थानों, पुलिस लाइन और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा में तैनात कर्मचारी शामिल हैं।
बयान के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निलंबित किए गए सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। अधिकारी ने बयान में बताया कि विभागीय अनुशासन बनाए रखना और जवाबदेही सुनिश्चित करना एक प्रभावी पुलिस बल के लिए एक अनिवार्य मापदंड है।
मेरठ में दो सिपाही निलंबित
मीडिया खबरों के हवाले से मेरठ में ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों के साथ मारपीट मामले में एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए रोहटा थाने पर तैनात दो सिपाहियों अमित कुमार और भारत और तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
कानपुर में 14 पुलिसकर्मी सस्पेंड
उधर, कानपुर में भी कानपुर में लंबे समय से ड्यूटी से नदारत 14 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं, 118 पुलिसकर्मी जो लापता हैं उन पर भी कार्रवाई का प्लान तैयार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ये 152 दिनों से लापता हैं, जिसके बाद उनपर सस्पेंशन की कार्रवाई की गई है। हालांकि, सभी को पहले से नोटिस जारी की गई, लेकिन अबतक संतोषजनक जवाब नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विभागीय अनुशासन बनाए रखना और जवाबदेही सुनिश्चित करना एक प्रभावी पुलिस बल के लिए एक अनिवार्य मापदंड निर्धारित है।
