Who is Gunjan Soni : गुंजन सोनी को यूट्यूब इंडिया का नया कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। लगभग दो दशकों के अपने करियर में उन्होंने दुनिया भर के उद्योगों, महाद्वीपों और विभिन्न भूमिकाओं में नेतृत्व का एक आदर्श उदाहरण पेश किया है। अपने करियर की शुरुआत मैकिंज़ी एंड कंपनी से करने वाली सोनी, वहां कंज्यूमर और मार्केटिंग प्रैक्टिस की पार्टनर बनीं।
विविध अनुभवों वाली गुंजन सोनी क्रिएटर्स और इनोवेशन को देंगी नई उड़ान
यूट्यूब इंडिया में अपनी नई भूमिका को लेकर गुंजन सोनी ने लिंक्डइन पर लिखा, "यह देखना बेहद प्रेरणादायक है कि यूट्यूब कैसे क्रिएटर्स को सशक्त बनाता है और पूरे भारत में लाखों लोगों को जोड़ता है। मैं इस नींव पर आगे काम करने, नवाचार को बढ़ावा देने और प्लेटफॉर्म की भूमिका को और मजबूत करने के लिए उत्साहित हूं, ताकि क्रिएटर्स नई कहानी कहने की संभावनाओं को खोल सकें और वैश्विक दर्शकों तक पहुंच बना सकें।"
यूट्यूब के विकास में लाएंगी नया जोश
सोनी ने आगे कहा कि यूट्यूब में बहुत संभावनाएं हैं—चाहे वह क्रिएटर्स और ऑडियंस के बीच संबंधों को नया रूप देना हो, वीडियो कॉमर्स और शॉपिंग को बढ़ाना हो, या शॉर्ट्स और कनेक्टेड टीवी के जरिए नई तरह की एंगेजमेंट को बढ़ावा देना हो।
उन्होंने लिखा, "व्यक्तिगत स्तर पर भी मेरा परिवार इस खबर से बेहद उत्साहित है। मेरे छोटे भतीजे-भतीजियां (7, 9 वर्ष) से लेकर मेरे माता-पिता और सास-ससुर (70 के दशक में), और बीच में हम सब—सभी यूट्यूब के सक्रिय उपयोगकर्ता हैं। इस प्लेटफॉर्म की पीढ़ियों को जोड़ने वाली शक्ति अद्भुत है और इतने सारे जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने का अवसर मुझे हर दिन उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करता है।"
फैशन ई-कॉमर्स से स्टोरीटेलिंग तक का सफर
गुंजन सोनी ने मिंत्रा में भारत के शुरुआती फैशन ई-कॉमर्स क्रांति को आकार दिया था, जब ऑनलाइन शॉपिंग का विचार ही नएपन से भरा था। स्टार इंडिया में EVP के रूप में उन्होंने कहानी कहने और तकनीक के संगम पर काम किया।
इसके बाद, ज़ालोरा (ZALORA) के ग्रुप सीईओ के रूप में उन्होंने कंपनी को नई श्रेणियों में प्रवेश कराया, लॉयल्टी प्रोग्राम शुरू किए और पर्सनलाइज़ेशन को अपनाया, जो आज इंडस्ट्री का एक आम चलन बन चुका है।
