शेयर बाजार में गिरावट के चलते देश की शीर्ष-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के कुल बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह में बीएसई सेंसेक्स 1,829.33 अंक यानी 2.33 प्रतिशत गिरा, जबकि एनएसई निफ्टी 455.6 अंक यानी 1.87 प्रतिशत नीचे आया।
सेंसेक्स
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अनुसंधान) अजीत मिश्रा ने कहा कि लगातार दो सप्ताह की तेजी के बाद बाजार में गिरावट आई है, जिस पर भू-राजनीतिक तनाव और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के कमजोर नतीजों का असर पड़ा।
मार्केट कैप 2,05,343 करोड़ घटा
आंकड़ों के अनुसार शीर्ष-10 कंपनियों में से सात का कुल बाजार पूंजीकरण 2,05,343.06 करोड़ रुपये घट गया। टीसीएस का बाजार मूल्य 66,699.44 करोड़ रुपये घटकर 8,67,364.12 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 50,670.34 करोड़ रुपये घटकर 17,96,647.50 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 23,090.05 करोड़ रुपये घटकर 12,08,225.48 करोड़ रुपये रह गया, जबकि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 19,670.75 करोड़ रुपये घटकर 5,13,020.56 करोड़ रुपये रह गया।
इन कंपनियों के निवेशकों को हआ फायदा
हालांकि, हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 20,652.91 करोड़ रुपये बढ़कर 5,47,219.80 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय स्टेट बैंक का मूल्यांकन 19,522.76 करोड़ रुपये बढ़कर 10,16,752.53 करोड़ रुपये हो गया। इसके चलते इन कंपनियों में निवेश करने वाले निवेशकों को फायदा हुआ।
रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही, इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।
पिछले दो हफ्तों की जबरदस्त बढ़त के बाद इंडियन इक्विटी मार्केट में ठहराव आया। हालांकि हफ्तों की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बाद के सेशन में ट्रेडिंग ज़्यादातर शांत रही। आखिरी सेशन में, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और जियोपॉलिटिकल टेंशन को लेकर नई चिंताओं ने सेंटिमेंट को खराब कर दिया, जिससे इन्वेस्टर्स वीकेंड से पहले सावधान रहने लगे। नतीजतन, निफ्टी 50 हफ़्ते के आखिर में नुकसान में बंद हुआ, 23,900 के लेवल से नीचे फिसल गया और इस दौरान 1.87% की गिरावट दर्ज की।
