Gold-Silver Price Today 24 May 2025: अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक शुक्रवार को वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के चलते दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 100 रुपये बढ़कर 98,750 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 100 रुपये की तेजी के साथ 98,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। संघ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती और अमेरिकी राजकोषीय नीतियों को लेकर बनी चिंताओं ने सोने की मांग को सहारा दिया है। इसके विपरीत, चांदी की कीमत 2,000 रुपये गिरकर 99,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। गुरुवार को यह 1,01,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। चूंकि आज शनिवार को बाजार बंद है। इसलिए आज भी यही भाव रहेगा।
वैश्विक बाजार का रुख और एक्सपर्ट की राय
हाजिर सोना अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.08% या 35.46 डॉलर बढ़कर 3,330.23 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.46% की तेजी के साथ 33.20 डॉलर प्रति औंस रही। कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि अप्रैल मध्य के बाद सोने ने सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त दर्ज की है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी के मुताबिक, बाजार की नजर अमेरिका में नए घरों की बिक्री जैसे महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर है, जो सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं।
वायदा बाजार में सोने की कीमतों में तेज उछाल
मजबूत हाजिर मांग और सटोरियों की ताजा लिवाली से मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में शुक्रवार को जून डिलीवरी वाले सोने का वायदा अनुबंध 527 रुपये बढ़कर 96,063 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 9,786 लॉट का कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1.07% की तेजी के साथ 3,329.65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
चांदी वायदा कीमतों में भी तेजी
मजबूत हाजिर मांग और व्यापारियों द्वारा सौदों का आकार बढ़ाने से जुलाई डिलीवरी वाली चांदी की वायदा कीमत 318 रुपये चढ़कर 98,114 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।इस अनुबंध में 17,222 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों के अनुसार सटोरियों की नई खरीदारी के कारण चांदी की वायदा कीमतों में मजबूती देखी गई।
वैश्विक अनिश्चितताओं और मजबूत हाजिर मांग ने घरेलू सर्राफा बाजार के साथ-साथ वायदा बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित किया है। निवेशकों की नजर अब अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर टिकी है, जो आगामी दिनों में बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।
