UP Export Peas Sent to Qatar: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए विदेश से कमाई का नया रास्ता खुलता दिखाई दे रहा है। अब यूपी के फर्रुखाबाद में पैदा होने वाली हरी मटर और दूसरी सब्जियां देश के बाहर भी अपनी पहचान बनाएंगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को ऐसी ही एक बड़ी खुशखबरी साझा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से फ्रोजन हरी मटर और मिक्स सब्जियों की 63 मीट्रिक टन की पहली खेप कतर के लिए रवाना की गई है।
यूपी के लिए एक्सपोर्ट का मौका
इस खेप के साथ फर्रुखाबाद ने फ्रोजन सब्जियों के निर्यात के क्षेत्र में एक नया कदम बढ़ाया है। खास बात यह है कि अब स्थानीय स्तर पर पैदा होने वाली सब्जियों को प्रोसेस करके विदेशी बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी है। इससे किसानों, फूड प्रोसेसिंग कंपनियों और निर्यातकों के लिए कारोबार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि फर्रुखाबाद से कतर भेजी गई यह खेप उत्तर प्रदेश के किसानों और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने में मदद करेगी। इससे कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज के बेहतर दाम दिलाने के नए अवसर मिल सकते हैं।
63 टन मटर और मिक्स सब्जियां कतर रवाना
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, फर्रुखाबाद से कतर भेजी गई पहली खेप में कुल 63 मीट्रिक टन फ्रोजन हरी मटर और मिक्स सब्जियां शामिल हैं। इस खेप का निर्यात श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स ने किया है। फर्रुखाबाद से रवाना हुई इस खेप को महाराष्ट्र के न्हावा शेवा पोर्ट के जरिए कतर की राजधानी दोहा पहुंचाया जाएगा। यह उत्तर प्रदेश से कतर के लिए फ्रोजन हरी मटर और मिक्स सब्जियों की पहली निर्यात खेप है। इस उपलब्धि को 20 नवंबर को वाराणसी में आयोजित एग्रीकल्चर और प्रोसेस्ड फूड एक्सपोर्ट से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान वर्चुअली हरी झंडी दिखाई गई थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता APEDA के चेयरमैन अभिषेक देव ने की थी।
यूपी के किसानों को कैसे होगा फायदा?
इस निर्यात की सबसे बड़ी अहमियत यह है कि उत्तर प्रदेश के किसानों और स्थानीय फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। अभी तक कई किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय मंडियों और घरेलू बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन जब किसी कृषि उत्पाद की मांग विदेशों में भी बनने लगती है, तो किसानों के लिए बिक्री के नए विकल्प खुल सकते हैं।
किसानों को मिल सकता है बेहतर दाम
अगर फ्रोजन सब्जियों के निर्यात के लिए नियमित ऑर्डर मिलने लगते हैं, तो कंपनियों को स्थानीय किसानों से बड़े पैमाने पर सब्जियों की खरीद करनी पड़ सकती है। इससे किसानों को अतिरिक्त खरीदार मिलेंगे और बेहतर कीमत पाने की संभावना बढ़ सकती है।
फूड प्रोसेसिंग कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
हरी मटर और दूसरी सब्जियों को फ्रोजन फूड में बदलने के लिए प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं की जरूरत होती है। निर्यात का कारोबार बढ़ने पर इन क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
छोटे किसानों को भी मिलेगा मौका
किसान उत्पादक संगठन यानी FPOs के जरिए छोटे किसान भी संगठित होकर निर्यात की सप्लाई चेन का हिस्सा बन सकते हैं। इससे उन्हें बड़े खरीदारों और प्रोसेसिंग कंपनियों से जुड़ने का मौका मिलेगा। हालांकि, किसानों को वास्तव में कितना फायदा होगा, यह निर्यात के नियमित ऑर्डर, खरीद की कीमत और किसानों की सप्लाई चेन में भागीदारी पर निर्भर करेगा।
APEDA ने कैसे तैयार किया विदेशों तक पहुंचने का रास्ता?
इस निर्यात में APEDA यानी एग्रीक्लचर एंड प्रॉसेस्ड फूड प्रॉडक्ट एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी की अहम भूमिका रही है। यह वाणिज्य मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली संस्था है, जो भारत के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देती है। APEDA ने 20 नवंबर को वाराणसी में एक विशेष कार्यक्रमआयोजित किया था। इसमें निर्यातकों, सरकारी अधिकारियों, FPOs और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
