Ultratech Cement Q3 Results: आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ घटकर 1,473.51 करोड़ रुपये रह गया। यह पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की इसी तिमाही के 1,774.78 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ से कम है।
अल्ट्राटेक सीमेंट का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का रिजल्ट।
परिचालन आय में मामूली वृद्धि
अल्ट्राटेक ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि अक्टूबर-दिसंबर 2024 की तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 17,193.33 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 16,739.97 करोड़ रुपये थी।
व्यय में वृद्धि
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल व्यय सालाना आधार पर बढ़कर 15,604.85 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 14,531.04 करोड़ रुपये था।
विस्तार कार्यक्रम पर प्रगति
अल्ट्राटेक ने अपने विस्तार कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त 18 लाख टन प्रतिवर्ष की क्षमता स्थापित की है। इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड के अधिग्रहण के साथ कंपनी की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 17.11 करोड़ टन सालाना हो गई है।
भविष्य की संभावनाएं
कंपनी ने सरकार की बुनियादी ढांचे और आवास परियोजनाओं पर ध्यान देने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण और शहरी मांग में वृद्धि होगी। कंपनी ने भविष्य में 7-8% की सतत वृद्धि की उम्मीद जताई है।
भाषा इनपुट के साथ
