क्या आपको भी लगता है कि क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल केवल पेमेंट करने के लिए ही किया जाता है। अगर हां तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। क्रेडिट कार्ड केवल शॉपिंग या बिल पेमेंट का जरिया नहीं रह गया है। अगर इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो आपका क्रेडिट कार्ड (Credit Card Benefits) आपको रिवॉर्ड्स, कैशबैक, ट्रैवल बेनिफिट्स, डिस्काउंट और कई दूसरी सुविधाएं भी दिला सकता है। हालांकि, बड़ी संख्या में कार्डधारक इन सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पाते और केवल भुगतान करने तक ही सीमित रहते हैं। क्रेडिट कार्ड को लेकर कुछ जरूरी बातों का ध्यान रख आप भी इसका पूरा फायदा ले सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-
क्रेडिट कार्ड का ऐसे करें इस्तेमाल (Photo: iStock)
जरूरत के अनुसार सही कार्ड
हर क्रेडिट कार्ड हर व्यक्ति के लिए सही हो यह जरूरी नहीं है। अगर आप अक्सर ट्रैवल करते हैं तो ट्रैवल बेनिफिट्स वाला कार्ड आपके लिए बेहतर हो सकता है। वहीं, अगर आपकी ऑनलाइन शॉपिंग ज्यादा होती है, तो ऐसे कार्ड चुनना फायदेमंद रहेगा जो ई-कॉमर्स खरीदारी पर अधिक रिवॉर्ड या कैशबैक देते हों। यानी कार्ड का चुनाव हमेशा अपनी खर्च करने की आदत के अनुसार करना चाहिए।
रिवॉर्ड पॉइंट्स को रिडीम
कई लोग वर्षों तक रिवॉर्ड पॉइंट्स जमा करते रहते हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल नहीं करते। कई मामलों में इन पॉइंट्स की वैलिडिटी समाप्त हो जाती है, जिससे उनका फायदा नहीं मिल पाता। इसलिए समय-समय पर अपने रिवॉर्ड पॉइंट्स की जांच करें और उन्हें समय रहते शॉपिंग, ट्रैवल बुकिंग, गिफ्ट वाउचर या दूसरे उपलब्ध विकल्पों के लिए रिडीम कर लें।
कार्ड के अतिरिक्त लाभों की जानकारी रखें
अधिकतर क्रेडिट कार्ड केवल भुगतान की सुविधा ही नहीं देते, बल्कि एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, डाइनिंग डिस्काउंट, मूवी टिकट ऑफर, ट्रैवल इंश्योरेंस, ईंधन सरचार्ज छूट और विशेष ब्रांड ऑफर जैसी कई सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हैं। अगर आप इन लाभों को नहीं ले रहे हैं तो कार्ड की वास्तविक वैल्यू का बड़ा हिस्सा आपके हाथ से निकल सकता है। इसलिए अपने कार्ड से मिलने वाले सभी फीचर्स और ऑफर्स की जानकारी जरूर रखें।
पूरा बिल समय पर भरना है सबसे जरूरी
क्रेडिट कार्ड का सबसे बड़ा फायदा तभी मिलता है जब आप हर महीने पूरा बकाया समय पर चुका दें। केवल न्यूनतम राशि का भुगतान करने से बाकी रकम पर ऊंचा ब्याज लग सकता है, जिससे आपका खर्च काफी बढ़ जाता है। समय पर पूरा भुगतान करने से न केवल ब्याज से बचाव होता है, बल्कि आपकी क्रेडिट हिस्ट्री और क्रेडिट स्कोर भी बेहतर बना रहता है।
जरूरत से ज्यादा खर्च करने से बचें
हालांकि, रिवॉर्ड्स या ऑफर्स के लालच में अनावश्यक खरीदारी करना समझदारी नहीं होगी। क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल हमेशा उतना ही करें, जितना आप आसानी से चुका सकें। अधिक खर्च करने से कर्ज का बोझ बढ़ सकता है और भविष्य में वित्तीय परेशानियां भी खड़ी हो सकती हैं।
