आज दिवाली है। प्रकाश पर्व का यह त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज दिवाली के उपलक्ष्य में शेयर बाजार बंद नहीं बल्कि खुला है। आम ट्रेडिंग डे की तरह आज शेयर बाजार में करोबार हो रहा है। आपको बता दें कि शेयर बाजार की धमाकेदार शुरुआत हुई है। बीएसई सेंसेक्स 661.35 अंक उछलकर 84,603.68 अंक पर खुला है। इसी तरह एनएसई निफ्टी 192.35 अंकों की तेजी के साथ अंक पर 25,906 पहुंच गया है।
शेयर बाजार (Istock)
शेयरों पर नजर डालें तो कोटक बैंक 2260.90 रुपये पर +2.51% बढ़त के साथ सबसे ऊपर रहा, इसके बाद रिलायंस 1451.05 रुपये पर +2.41% और एक्सिस बैंक 1220.95 रुपये पर +1.73% उभरा। बाजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, बाजाज फिन सर्विस, एचसीएल टेक और टाइटन में भी क्रमशः 1% से अधिक की तेजी दर्ज की गई। अन्य शेयरों में इन्फोसिस, सन फार्मा, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टीसीएस, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, बीईएल, आईटीसी, मारुति, अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एटर्नल और ट्रेंट में हल्की से मध्यम तेजी में कारोबार कर रहे हैं।
बाजार में तेजी जारी रहने की उम्मीद
शेयर बाजार एक्सपर्ट का कहना है कि भारतीय शेयर बाजारों का रुख मजबूत बना हुआ है। लंबे समय के बाद एक बार फिर विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में लौटे हैं। इससे बाजार में आगे अच्छी तेजी जारी रहने की उम्मीद है। भारतीय शेयर बाजार को स्थिर वृहद आर्थिक आंकड़ों और त्योहारी उत्साह से व्यापक धारणा को बल मिला है। विशेषज्ञों ने बताया कि भारत दुनिया भर के उन गिने-चुने बाजारों में से एक है जो तरलता की मजबूती और दिशात्मक स्पष्टता दोनों दिखा रहा है।
भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी क्यों?
भारतीय शेयर बाजार लगातार चार सत्रों से बढ़ रहा है। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने भारत में बाजार की धारणा को मजबूत किया है। प्रमुख एशियाई समकक्षों में, जापान का निक्केई 3 प्रतिशत बढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 2 प्रतिशत से अधिक उछला। कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक एक प्रतिशत बढ़ा। वहीं एक बार फिर विदेशी निवेशकों की खरीदारी भारतीय बाजार में शुरू हुई है। दिवाली के चलते आज बहुत सारे निवेशक पैसा लगा रहे हैं। इसके चलते बाजार में अच्छी तेजी लौटी है।
