Times Now Navbharat
live-tv
Premium

पाउंड, यूरो और डॉलर सब रह गए पीछे! यह है दुनिया की सबसे महंगी मुद्रा, जानिए क्यों इतनी मजबूत?

क्या आपको पता है कि दुनियाभार में सबसे महंगी मुद्रा कौन है? अगर आपके दिमाग में डॉलर या यूरो का नाम आ रहा है तो ये दोनों नहीं है। आइए जानते हैं कि दुनिया की सबसे महंगी मुद्रा के बारे में।

Image
दुनिया की सबसे महंगी करेंसी है कुवैती दीनार
Authored by: आलोक कुमार
Updated Apr 13, 2026, 17:50 IST
Follow on Google News

Strongest Currency in the world: जब भी हम दुनिया की सबसे महंगी करेंसी की बात करते हैं तो अक्सर हमारे दिमाग में सबसे पहले अमेरिकी डॉलर (USD) का नाम आता है। इसके बाद ब्रिटिश पाउंड (GBP) या यूरोपीय यूरो (EUR) का ख्याल आता है। लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि वैश्विक बाजार में इनमें से कोई भी दुनिया की सबसे महंगी करेंसी की लिस्ट में शामिल नहीं है। आपको जानकार आश्चर्य होगा कि कुवैत की दीनार (KWD) सबसे महंगी करेंसी है। आज एक कुवैती दीनार की कीमत करीब $3.25 (अमेरिकी डॉलर) के बराबर है। अगर भारतीय रुपये में इसकी कीमत देखें तो यह करीब ₹300 है। आइए समझते हैं कि छोटा सा देश होने के बावजूद कुवैत की करेंसी दुनिया में सबसे महंगी करेंसी कैसे है?

करेंसी मजबूत या कमजोर होने का क्या मतलब?

कोई करेंसी मजबूत है या कमजोर, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसकी तुलना किससे कर रहे हैं। अगर कोई करेंसी दूसरी करेंसी से ज्यादा मजबूत है, तो इसका मतलब है कि उसी चीज को खरीदने के लिए आपको उस करेंसी की कम मात्रा की जरूरत होगी। उदाहरण के लिए, 1 डॉलर में आपको जो मिलेगा, वह 1 रुपये में नहीं मिलेगा क्योंकि 1 डॉलर की कीमत 90 रुपये से अधिक है। इसलिए जो करेंसी कमजोर होती है, उससे उसी सामान या सेवाओं को खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं।

देश की अर्थव्यवस्था का आईना होती है करेंसी

किसी करेंसी की मजबूती या कमजोरी, उस देश की पूरी आर्थिक सेहत को बताती है। करेंसी जितनी ज्यादा मजबूत होगी, अर्थव्यवस्था उतनी ही ज्यादा स्थिर मानी जाती है। करेंसियों की ग्रेडिंग हमेशा दूसरी करेंसी से तुलना के आधार पर की जाती है। इन्हें मिलाकर 'करेंसी पेयर्स' (मुद्रा जोड़ियां) कहा जाता है। हर पेयर में एक 'बेस करेंसी' और एक 'कोट करेंसी' होती है। बेस करेंसी वह होती है जो लिस्ट में पहले नंबर पर होती है, और कोट करेंसी वह होती है जो दूसरे नंबर पर होती है।

करेंसी की मजबूती कई फैक्टर्स पर निर्भर करती है:

  • आर्थिक स्थिरता
  • ब्याज दरें
  • राजनीतिक स्थिरता
  • महंगाई दर
  • व्यापार संतुलन
  • विदेशी मुद्रा भंडार
  • कर्ज का स्तर

सरल शब्दों में, मजबूत करेंसी वह होती है जिसकी कीमत किसी दूसरी देश की मुद्रा से ज्यादा होती है। करेंसी स्ट्रेंथ का मतलब है कि किसी भी समय एक मुद्रा दूसरी मुद्राओं के मुकाबले कितनी मजबूत या कमजोर है। यह उस करेंसी की कुल वैल्यू को दर्शाता है।

कुवैती 'दीनार' है दुनिया की नंबर-1 करेंसी

Kuwaiti Dinar, दुनिया की सबसे महंगी करेंसी है। 1 KWD के बदले अभी करीब 3.25 डॉलर मिलते हैं। भारतीय रुपये में इसकी कीमत करीब ₹300 से ज्यादा है। बता दें कि कुवैत, सऊदी अरब और इराक के बीच बसा हुआ है और इसकी ज्यादातर आय तेल के एक्सपोर्ट से आती है। दीनार को 1960 के दशक में शुरू किया गया था। शुरू में इसे ब्रिटिश पाउंड से जोड़ा गया था, जिसके बाद इसे कई करेंसी के एक समूह (basket of currencies) से जोड़ दिया गया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि वैश्विक बाजारों में इसकी कीमत मजबूत बनी रहे।

टॉप 10 सबसे मजबूत मुद्राओं की रैंकिंग

रैंकमुद्रा का नामदेश
1कुवैती दीनारकुवैत
2बहरीन दीनारबहरीन
3ओमानी रियालओमान
4जॉर्डनियन दीनारजॉर्डन
5ब्रिटिश पाउंडयूनाइटेड किंगडम
6जिब्राल्टर पाउंडजिब्राल्टर
7स्विस फ्रैंकस्विट्जरलैंड
8केमैन आइलैंड्स डॉलरकेमैन आइलैंड्स
9यूरोयूरोपियन यूनियन
10अमेरिकी डॉलरअमेरिका

कुवैती दीनार क्यों इतना मजबूत?

1. तेल बेचकर अरबों की कमाई

कुवैत की मुद्रा की मजबूती का सबसे बड़ा कारण उसका पेट्रोलियम भंडार है। कुवैत के पास दुनिया का छठा सबसे बड़ा तेल भंडार है। देश की जीडीपी (GDP) का आधा हिस्सा और निर्यात आय का लगभग 90% से अधिक केवल तेल की बिक्री से आता है। जब कोई देश दुनिया को इतनी बड़ी मात्रा में तेल बेचता है, तो उसके पास विदेशी मुद्रा (खासकर डॉलर) का भंडार बहुत बढ़ जाता है, जो उसकी अपनी करेंसी को स्थिरता देता है।

2. मजबूत कंट्रोल और कम महंगाई

कुवैत की सरकार अपनी करेंसी की सप्लाई को बहुत नियंत्रित रखती है। जब सप्लाई सीमित और मांग स्थिर रहती है, तो करेंसी की वैल्यू ऊंची बनी रहती है। कुवैत की अर्थव्यवस्था काफी स्थिर मानी जाती है और यहां महंगाई भी नियंत्रित रहती है। इससे निवेशकों का भरोसा बना रहता है।

3. डॉलर से लिंक्ड लेकिन स्वतंत्र नीति

कुवैती दीनार पूरी तरह डॉलर पर निर्भर नहीं है, बल्कि एक करेंसी बास्केट से जुड़ा है। इससे यह वैश्विक उतार-चढ़ाव से बेहतर तरीके से बच पाता है।

4. 'सॉवरेन वेल्थ फंड' की ताकत

कुवैत सिर्फ तेल पर निर्भर नहीं है। उसके पास दुनिया के सबसे पुराने और बड़े फंड्स में से एक 'कुवैत इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी' (KIA) है। कुवैत अपने तेल से होने वाली कमाई का एक बड़ा हिस्सा विदेशों में रियल एस्टेट, स्टॉक और अन्य संपत्तियों में निवेश करता है। यह फंड इतना बड़ा है कि अगर कल को तेल खत्म भी हो जाए, तो भी कुवैत की अर्थव्यवस्था सालों तक मजबूती से चल सकती है।

5. छोटा देश, कम जनसंख्या

कुवैत भौगोलिक रूप से एक छोटा देश है और इसकी जनसंख्या भी कम है। कम आबादी और भारी प्राकृतिक संसाधनों के कारण यहां प्रति व्यक्ति आय बहुत अधिक है। सरकार पर कर्ज का बोझ न के बराबर है और देश में कोई 'इनकम टैक्स' नहीं है। आर्थिक मजबूती और कर्ज-मुक्त होने के कारण वैश्विक निवेशकों का इस करेंसी पर भरोसा अटूट रहता है।

Kuwaiti Dinar vs US Dollar.

Kuwaiti Dinar vs US Dollar.

क्या डॉलर से ज्यादा इस्तेमाल होता है दीनार?

यहां एक बात समझना जरूरी है। कुवैती दीनार दुनिया की सबसे महंगी मुद्रा जरूर है, लेकिन यह दुनिया की सबसे ताकतवर मुद्रा नहीं है। वैश्विक व्यापार में आज भी अमेरिकी डॉलर का ही दबदबा है क्योंकि वह सबसे ज्यादा स्वीकार्य है। दीनार की वैल्यू अधिक है, लेकिन इसका चलन मुख्य रूप से कुवैत और तेल व्यापार तक ही सीमित है।

End of Article