Swiggy Charges On Every Order: अगर आप भी ऑनलाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म स्विगी (Swiggy) से खाना ऑर्डर करते हैं तो 20 दिसंबर से हर ऑर्डर पर 2% चार्ज देने के लिए तैयार रहिए। दरअसल स्विगी ने 20 दिसंबर से हर ऑर्डर पर 2 फीसदी चार्ज लगाने का ऐलान किया है। मगर देश के प्रमुख रेस्टोरेंट संगठन नेशनल रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने स्विगी के इस फैसले को गलत करार दिया है। एनआरएआई ने 20 दिसंबर से शुरू होने वाले सभी ऑर्डरों पर 2% कलेक्शन फीस लेने के स्विगी के फैसला को गलत कहने के अलावा कहा है कि रेस्टोरेंट्स आने वाले दिनों में फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से स्पष्टता मांगेगे। एनआरएआई देश भर में 500,000 से अधिक कंपनियों को रेप्रेजेंट करता है।
स्विगी हर ऑर्डर पर चार्ज लेगी
दिसंबर कारोबार का सबसे अच्छा महीना
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार एनआरएआई के वाइस प्रेसिडेंट सागर दरयानी ने कहा है कि दिसंबर हमारे लिए कारोबार का सबसे अच्छा महीना माना जाता है। स्विगी का इस पीक सीज़न में अचानक एकतरफा कदम उठाना निश्चित रूप से एक अवांछित व्याकुलता (अनवेलकम डिस्ट्रैक्शन) है।
दरयानी Wow MoMo रेस्टोरेंट चेन के फाउंडर और चीफ एग्जेक्यूटिव भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्विगी का कदम अप्रत्यक्ष रूप से कमीशन की लागत बढ़ाने का एक तरीका है।
क्यों लिया जाएगा चार्ज
स्विगी के मुताबिक यह चार्ज स्विगी प्लेटफॉर्म पर सीमलेस कस्टमर पेमेंट्स की सुविधा के लिए है। स्विगी ने कहा है कि यह राशि आपके पेआउट से काट ली जाएगी। स्विगी की प्रतिद्वंद्वी ज़ोमैटो पहले से ही इस तरह का चार्ज वसूल रही है।
इस बात की रेस्टोरेंट करते हैं शिकायत
स्विगी अपने नए चार्ज नए साल से पहले लागू करने जा रही है। पिछले साल, स्विगी और ज़ोमैटो ने कहा था कि उन्हें 31 दिसंबर की पूर्व संध्या पर रिकॉर्ड 500,000 से अधिक ऑर्डर प्राप्त हुए। बता दें कि रेस्टोरेंट अकसर आरोप लगाते रहे हैं कि इन प्लेटफॉर्म द्वारा लिया जाने वाला कमीशन बहुत अधिक है।
