RD Interest Rates: लंबी अवधि की रेकरिंग डिपॉजिट (RD) उन लोगों को कई फायदे ऑफर करती है जो लंबी अवधि तक अपना पैसा बचाना और उस पर रिटर्न हासिल करना चाहते हैं। आरडी लंबी अवधि में पैसे बचाने और बढ़िया रिटर्न हासिल करने का एक आसान और अच्छा तरीका है।
आरडी की ब्याज दरें
आरडी उन लोगों के लिए बेहतर है, जो एफडी जैसा फिक्स रिटर्न तो चाहते हैं, मगर एक साथ बड़ी रकम का निवेश नहीं कर पाते। क्योंकि आरडी में निवेशकों को हर महीने थोड़ा-थोड़ा पैसा जमा करने की सुविधा मिलती है। इस समय कई बैंक आरडी पर 8.25 फीसदी तक रिटर्न ऑफर कर रहे हैं। आगे जानिए उनकी डिटेल।
सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक
आम तौर पर बड़े बैंकों के मुकाबले स्मॉल फाइनेंस बैंक एफडी, आरडी और बचत खाते पर ज्यादा ब्याज देते हैं। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक इस समय 5 साल की आरडी पर 8.25 फीसदी की ब्याज दर ऑफर कर रहा है।
ये हैं बाकी स्मॉल फाइनेंस बैंकों की ब्याज दर
- एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक : 7.25 फीसदी
- इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक : 7.25 फीसदी
- उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक : 7.20 फीसदी
निवेशक सीखता है अनुशासन
आरडी रेगुलर और अनुशासित तरीके से बचत करने की आदत डालने में काफी मददगार है। इससे आपको लगातार निवेश करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। हर महीने एक निश्चित राशि जमा करने से, आप में बचत की आदत डेवलप हो जाती है, जो लॉन्ग टर्म में बहुत फायदेमंद है।
ये है सेफ ऑप्शन
आरडी को सुरक्षित निवेश माना जाता है क्योंकि इसमें ब्याज दर के हिसाब से फिक्स रिटर्न मिलता है। ये शेयर बाजार या मार्केट संबंधित ऑप्शन नहीं है। दूसरी बात कि यदि आप इसमें 5 लाख रु तक निवेश करें तो उस पर जमा बीमा और क्रेडिट गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) कवर देता है, जिससे आपकी 5 लाख रु तक की राशि सेफ रहती है।
