म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में निवेश करने वाले ज्यादातर लोग SIP (Systematic Investment Plan) के बारे में जानते हैं। इसके जरिए हर महीने एक निश्चित रकम निवेश कर लंबी अवधि में अच्छा फंड तैयार किया जा सकता है। लेकिन जब निवेश से नियमित कमाई करने या जरूरत के समय पैसा निकालने की बात आती है तब SWP (Systematic Withdrawal Plan) काम आता है। निवेश की इन दोनों योजनाओं का अपना अलग उद्देश्य है। ऐसे में सही समय पर SIP और SWP का इस्तेमाल करना जरूरी है-
SIP जल्दी बंद करना या SWP समय से पहले शुरू करना पड़ सकता है भारी (AI Generated Image)
SIP से बनाएं लंबी अवधि का फंड
SIP का इस्तेमाल मुख्य रूप से भविष्य के लिए पैसा जमा करने में किया जाता है। इसमें निवेशक हर महीने अपनी क्षमता के अनुसार एक निश्चित रकम म्यूचुअल फंड में लगाता है। लंबे समय तक निवेश जारी रखने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है। इससे निवेश की रकम पर मिलने वाला रिटर्न भी आगे कमाई करने लगता है। नौकरीपेशा लोग सैलरी आने के तुरंत बाद SIP की तारीख रख सकते हैं, ताकि खर्च से पहले निवेश हो जाए।
हर साल बढ़ाएं निवेश की रकम
अगर आपकी सैलरी हर साल बढ़ती है तो SIP की रकम भी बढ़ानी चाहिए। उदाहरण के लिए आप हर साल अपनी SIP में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकते हैं। इसे स्टेप-अप SIP कहते हैं। इससे समय के साथ निवेश का कुल आकार तेजी से बढ़ सकता है और वित्तीय लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलती है।
बाजार गिरने पर SIP बंद न करें
शेयर बाजार में गिरावट आने पर कई निवेशक घबराकर SIP रोक देते हैं। हालांकि, बाजार नीचे होने पर समान निवेश राशि से म्यूचुअल फंड की ज्यादा यूनिट मिल सकती हैं। इसे रुपी कॉस्ट एवरेजिंग कहते हैं। इसलिए लंबी अवधि के लक्ष्य के लिए निवेश करते समय बाजार की छोटी अवधि की गिरावट से घबराने के बजाय निवेश जारी रखना बेहतर हो सकता है।
SWP शुरू करने का सही समय
SWP के जरिए निवेशक अपने म्यूचुअल फंड से नियमित अंतराल पर एक निश्चित रकम निकाल सकता है। रिटायरमेंट के बाद जब सैलरी आनी बंद हो जाती है, तब यह नियमित आमदनी का विकल्प बन सकता है। बच्चों की उच्च शिक्षा जैसे बड़े खर्चों के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, जब तक पैसों की जरूरत न हो, निवेश को बढ़ने का समय देना चाहिए।
SWP में रखें निकासी की सीमा
SWP शुरू करते समय निकासी की रकम का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सामान्य तौर पर सालाना कुल निवेश का 4 से 6 प्रतिशत निकालने का नियम एक शुरुआती मार्गदर्शन माना जाता है। निकासी बहुत ज्यादा होने पर निवेश का मूल फंड तेजी से घट सकता है। बाजार में गिरावट के दौरान यूनिट बेचने से नुकसान भी बढ़ सकता है। इसलिए SWP शुरू करने से करीब तीन साल पहले इक्विटी निवेश का कुछ हिस्सा डेट या लिक्विड फंड में रखना एक सुरक्षा कवच बन सकता है।
