Stock Market Closing Bell Nifty Sensex : दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। बुधवार, 4 नवंबर को भी बाजार हरे निशान में बंद हुआ। Sensex 383.55 अंक यानी 0.50% की बढ़त के साथ 77,301.40 अंक पर बंद हुआ। वहीं Nifty में 149.75 अंक यानी 0.63% की तेजी रही और यह 23,960.60 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में ताबड़तोड़ तेजी
बाजार में क्यों आई तेजी?
भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी के ट्रेंड के पीछे एक साथ कई फैक्टर काम कर रहे हैं। सबसे बड़ा फैक्टर क्रूड ऑयल के दाम में नरमी है। इसके अलावा जियोपॉलिटिकल टेंशन कम होने की उम्मीद भी बढ़ रही है। खासतौर पर यूएस मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप को लगे झटके के बाद माना जा रहा है कि अमेरिका और ईरान का युद्ध अब जल्द खत्म हो सकता है, जिससे ग्लोबल क्रूड सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है। इसके अलावा दूसरा बड़ा फैक्टर एआई स्टॉक्स में बिकवाली है, जिसकी वजह से भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी हो रही है और भारत के MFCG, मीडिया और रिलय एस्टेट जैसे सेक्टर पर विदेशी निवेशक दांव लगा रहे हैं।
तीन दिन में ₹10.72 लाख करोड़ का इजाफा
BSE के आंकड़ों के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को सभी लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,82,74,652 करोड़ के करीब था। 3 नवंबर को यह बढ़कर ₹4,87,65,636 करोड़ हो गया। वहीं 4 नवंबर को बाजार बंद होने के समय कुल मार्केट कैप करीब ₹4,93,46,798 करोड़ दर्ज किया गया। इस तरह 2 नवंबर से 4 नवंबर के बीच बाजार की कुल वैल्यू में करीब ₹10.72 लाख करोड़ का इजाफा हुआ।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी
बुधवार को तेजी केवल बड़ी कंपनियों के शेयरों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। Nifty Midcap 100 इंडेक्स 1.55% चढ़कर बंद हुआ। वहीं Nifty Smallcap 100 में 2% की तेजी दर्ज की गई। Nifty Midcap 150 में 1.60% और Nifty Smallcap 50 में 2.03% की बढ़त रही।
बाजार में चौतरफा खरीदारी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि NSE पर कारोबार करने वाले शेयरों में 2,720 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 884 शेयरों में गिरावट रही। BSE पर 3,074 शेयरों में तेजी और 1,311 शेयरों में कमजोरी दर्ज की गई।
मीडिया और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टर के लिहाज से देखें तो बुधवार को Nifty Media इंडेक्स 5.15% की तेजी के साथ सबसे आगे रहा। Nifty Realty में 2.85%, Nifty Metal में 2.80% और Nifty Consumer Durables में 2.04% की बढ़त रही। इसके अलावा FMCG, ऑटो, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली।
हालांकि, IT सेक्टर बाजार की तेजी में शामिल नहीं हो पाया। Nifty IT इंडेक्स 1.50% गिरकर बंद हुआ। इससे साफ है कि बाजार में तेजी के बावजूद कुछ सेक्टरों में बिकवाली का दबाव बना रहा।
बाजार में उतार-चढ़ाव का डर हुआ कम
बाजार में तेजी के साथ निवेशकों की चिंता भी कुछ कम होती दिखाई दी। इसका संकेत India VIX से मिला। बुधवार को India VIX 3.08% गिरकर 15.24 पर आ गया। VIX में गिरावट को बाजार में निकट अवधि के उतार-चढ़ाव की आशंका कम होने के संकेत के तौर पर देखा जाता है। दिवाली से पहले शेयर बाजार में आई इस तेजी ने निवेशकों को राहत दी है। हालांकि, आगे बाजार की दिशा घरेलू और वैश्विक संकेतों, कंपनियों के नतीजों और निवेशकों की खरीदारी-बिकवाली पर निर्भर करेगी।
