Srichand Parmanand Hinduja Death News: हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन श्रीचंद परमानंद हिंदुजा का बुधवार को लंदन में निधन हो गया। वह 87 साल के थे। ग्रुप के मुखिया एसपी हिंदुजा पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वे अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे बड़े थे। बताते चलें कि हिंदुजा परिवार के एक प्रवक्ता ने बुधवार शाम उनके निधन की जानकारी दी है।
श्रीचंद परमानंद हिंदुजा का बुधवार को लंदन में निधन हो गया, वह 87 साल के थे
ब्रिटेन की नागरिकता लेकर लंदन में रह रहे थे हिंदुजा
हिंदुजा परिवार के प्रवक्ता ने कहा, "गोपीचंद, प्रकाश और अशोक हिंदुजा समेत समस्त हिंदुजा परिवार बड़े दुख के साथ सूचित कर रहा है कि परिवार के मुखिया और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन एस पी हिंदुजा का निधन हो गया है।’’ बताते चलें कि भारतीय मूल के हिंदुजा ने बाद में ब्रिटेन की नागरिकता ले ली थी और वह लंदन में ही रहते थे।
पिता परमानंद दीपचंद हिंदुजा ने की थी फैमिली बिजनेस की स्थापना
हिंदुजा ग्रुप की स्थापना एस पी हिंदुजा के पिता परमानंद दीपचंद हिंदुजा (पी. डी. हिंदुजा) ने की थी। भारत में शुरू हुआ हिंदुजा परिवार का बिजनेस देखते ही देखते पूरी दुनिया में तेजी से फैल गया। हिंदुजा ग्रुप ऑटोमोटिव, फाइनेंशियल सर्विसेज, ऑयल और हेल्थकेयर सेक्टर में एक दिग्गज नाम है। अशोक लेलैंड, इंडसइंड बैंक, हिंदुजा बैंक (स्विटजरलैंड), गल्फ ऑयल, हिंदुजा हेल्थकेयर.. ये सब हिंदुजा ग्रुप की ही कंपनियां हैं।
हिंदुजा ग्रुप में किस भाई के पास है कौन-सी जिम्मेदारी
हिंदुजा ग्रुप का सारा बिजनेस हिंदुजा परिवार के लोग ही संभाल रहे हैं। दुनिया को अलविदा कह चुके ग्रुप के चेयरमैन एस. पी. हिंदुजा के अलावा उनके भाई गोपीचंद परमानंद हिंदुजा, ग्रुप के को-चेयरमैन हैं। प्रकार परमानंद हिंदुजा, यूरोप में हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन हैं। अशोक परमानंद हिंदुजा, भारत में हिंदुजा ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन हैं।
परिवार के तीसरी पीढ़ी के लोग भी संभाल रहे बिजनेस
इनके अलावा, परिवार की तीसरी पीढ़ी में संजय हिंदुजा, अजय हिंदुजा, वीनू हिंदुजा, रेमी हिंदुजा, धीरज हिंदुजा और शोम हिंदुजा भी पुश्तैनी बिजनेस में अपना-अपना योगदान निभा रहे हैं।
