SpiceJet Pilots Salary Dues: स्पाइसजेट के क्यू400 विमानों के बेड़े के करीब 40 पायलटों ने वेतन का बकाया भुगतान होने तक उड़ान भरने से इनकार कर दिया है। पायलटों के संगठन एएलपीए इंडिया ने भी उनके रुख का समर्थन किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट पिछले कई महीनों से वित्तीय और परिचालन संबंधी चुनौतियों से जूझ रही है। विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) भी कंपनी की गतिविधियों पर करीबी नजर रख रहा है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हाल में क्यू400 विमानों का संचालन करने वाले करीब 40 पायलटों ने बकाया वेतन का भुगतान होने तक उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इस संबंध में तत्काल अधिक जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि स्पाइसजेट ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
ALPA India ने किया पायलटों का समर्थन (फोटो- PTI)
पायलटों के साथ मजबूती से खड़ा है एएलपीए इंडिया
विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'प्लेनस्पॉटर्स डॉट नेट' पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरलाइन के पास परिचालन में 10 विमान हैं, जिनमें दो क्यू400 विमान शामिल हैं। वहीं, उसके 37 विमान खड़े हैं। एयरलाइन पायलट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएलपीए इंडिया) ने 9 अक्टूबर को अपने सभी सदस्यों और नागर विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों को लिखे पत्र में कहा कि वह इन पायलटों के साथ मजबूती से खड़ा है। संगठन ने उचित और रचनात्मक समाधान निकालने के प्रयासों में उन्हें पूरा नैतिक समर्थन देने के साथ हरसंभव लॉजिस्टिक, पेशेवर और परामर्श संबंधी सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
कामकाज का माहौल लगातार मुश्किल होता जा रहा
एएलपीए इंडिया ने कोई विशेष जानकारी दिए बिना कहा कि उसे बताया गया है कि स्पाइसजेट के क्यू400 बेड़े का संचालन करने वाले पायलटों के एक समूह ने अपने वैध अधिकारों, पेशेवर गरिमा और सबसे बढ़कर विमानन सुरक्षा के उच्च मानकों की रक्षा के लिए सैद्धांतिक रुख अपनाने का फैसला किया है। संगठन ने कहा, "बताया गया है कि ये पायलट लगातार बनी वित्तीय और परिचालन संबंधी चुनौतियों के कारण काफी तनाव और अनिश्चितता के बीच काम कर रहे हैं। विमान से जुड़ी जरूरी सेवाएं देने से आपूर्तिकर्ताओं के इनकार करने की खबरों के साथ वेतन में देरी और कर्मचारियों के अन्य बकाया लाभ का भुगतान नहीं होने से कामकाज का माहौल लगातार मुश्किल होता जा रहा है।"
(इनपुट - पीटीआई-भाषा)
