Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 9 November 2025 : सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी हैं। कभी कीमतें घटती हैं तो कभी बढ़ती हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,20,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं चांदी का भाव बढ़कर 1,48,275 रुपये प्रति किलो हो गया। चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद है इसलिए दोनों दिन यह भाव मान्य रहेगा। उधर अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक दिल्ली में सोना गिरकर 1,24,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया जबकि चांदी की कीमतें सभी टैक्स सहित 1,53,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव बढ़कर 1,21,133 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। दूसरी ओर MCX पर चांदी की वायदा कीमत बढ़कर 1,48,667 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक स्तर पर भी सोना बढ़त के साथ 4,004.02 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत भी चढ़कर 48.26 डॉलर प्रति औंस हो गई। आइए आगे जानते हैं IBJA द्वारा जारी किए गए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम। साथ में चांदी की कीमत भी जानिए।
सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट : 120100 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 23 कैरेट : 119619 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 22 कैरेट : 110012 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 18 कैरेट : 90075 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 14 कैरेट : 70259 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी 999 : 148275 रुपये प्रति किलोग्राम
पिछले दिन क्या रहे सोना-चांदी के भाव
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ताजा बिकवाली के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 100 रुपये गिरकर 1,24,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत गुरुवार के बंद भाव 1,24,100 रुपये से 100 रुपये गिरकर 1,24,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रही। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना पिछले बाजार सत्र में 1,24,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, शुक्रवार को चांदी की कीमतें सभी करों सहित 1,53,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी का भाव
वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 19.84 डॉलर यानी 0.5 प्रतिशत बढ़कर 3,996.93 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि हाजिर चांदी 0.96 प्रतिशत बढ़कर 48.48 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
वायदा बाजार में सोना का भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले कॉन्ट्रैक्ट के सोने का भाव 520 रुपये या 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,21,133 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 13,446 लॉट का कारोबार हुआ।
वायदा बाजार में चांदी का भाव
दूसरी ओर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1,598 रुपये या 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,48,667 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 19,396 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
वैश्विक वायदा बाजार में सोना-चांदी का भाव
वैश्विक स्तर पर भी सोना व चांदी की कीमतों में तेजी रही। दिसंबर में आपूर्ति वाले कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,004.02 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत भी 0.65 प्रतिशत चढ़कर 48.26 डॉलर प्रति औंस हो गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (शोध विश्लेषक, कॉमोडिटी एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार प्रतिभागी आने वाले सप्ताह में फेडरल रिजर्व के सदस्यों के भाषणों और अमेरिका तथा भारत दोनों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आंकड़ों पर कड़ी नजर रखेंगे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्यों बढ़े सोने के दाम
कॉमोडिटी बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार शेयर बाजारों में संभावित एआई-संचालित तेजी के बुलबुले को लेकर बढ़ती चिंताओं और अमेरिकी सरकार में कामकाज लंबे समय तक ठप रहने की अनिश्चितता के बीच निवेशकों द्वारा सुरक्षित निवेश की तलाश के कारण शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत घटकर 99.65 रहा। इससे सोने की कीमतों को समर्थन मिला। वित्तपोषण के संकट के कारण अमेरिका के कई सरकारी विभागों में कामकाज 38 दिन से ठप (शटडाउन) है। इससे आर्थिक उत्पादन पर असर पड़ रहा है और प्रमुख वृहद आर्थिक आंकड़ों के जारी होने में देरी हो रही है। एक एक्सपर्ट ने कहा कि बाजार की अनिश्चितता, डॉलर की कमजोरी और लंबे समय तक शटडाउन के चलते सोने में और तेजी की संभावना है।
