Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 30 August 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में बदलाव जारी हैं। एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी हुई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट के सोने की कीमत बढ़कर 102388 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 117572 रुपये प्रति किलो हो गई। चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद है, इसलिए दोनों दिन यह भाव रहेगा। आगे जानिए 24, 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
सोने-चांदी का ताजा भाव जनिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट: 102388 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 23 कैरेट: 101978 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 22 कैरेट: 93787 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 18 कैरेट: 76791 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 14 कैरेट: 59897 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी 999 : 117572 रुपये प्रति किलो
पिछले दिन क्या रहे सोने-चांदी के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि स्टॉकिस्टों की लिवाली जारी रहने और रुपये के विनिमय दर में गिरावट के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 2,100 रुपये उछलकर 1,03,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। बृहस्पतिवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,01,570 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।
लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रखते हुए 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 2,100 रुपये उछलकर 1,03,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। एक दिन पहले यह 1,01,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इससे पहले, 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोना आठ अगस्त को क्रमशः 1,03,420 रुपये और 1,03,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर थे। उस समय सोने की कीमतों में 800 रुपये प्रति 10 ग्राम की वृद्धि हुई थी।
इससे पहले सात अगस्त को सोने की कीमत में 3,600 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी वृद्धि दर्ज की गई थी। इस बीच, चांदी की कीमत अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से 1,000 रुपये टूटकर 1,19,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत 1,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी। विदेशी बाजारों में, न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 3,407.39 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा। हाजिर चांदी 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38.84 डॉलर प्रति औंस पर रही।
सोने-चांदी की कीमतों पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि कमजोर रुपये और विदेशी बाजारों में सकारात्मक रुख के चलते घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई और यह नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि भारतीय रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। इससे देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पर 50 प्रतिशत अमेरिकी शुल्क के प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
ब्रोकरेज कंपनी ट्रेडजिनी के मुख्य परिचालन अधिकारी त्रिवेश डी ने कहा कि चांदी की औद्योगिक मांग इसे और भी बेहतर बनाती है, लेकिन अनिश्चितता के खिलाफ सोना अभी भी एक अच्छा बचाव है। पिछले पांच वर्षों में, दोनों धातुओं ने हर साल नए रिकॉर्ड बनाए हैं, जो अस्थिर बाजारों में उनकी भूमिका को रेखांकित करता है।
सोना का वायदा भाव
मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली किये जाने से वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोने की कीमत 168 रुपये की तेजी के साथ 1,02,,268 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 168 रुपये यानी 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,02,,268 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 16,419 लॉट का कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में कॉमेक्स सोना 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,410.09 डॉलर प्रति औंस रह गया।
