आज के समय में SIP (Systematic Investment Plan) म्यूचुअल फंड में निवेश का सबसे लोकप्रिय तरीका बन चुका है। कई निवेशक अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए एक से ज्यादा SIP चलाते हैं। लेकिन क्या हर नए लक्ष्य के लिए एक नई SIP शुरू करना सही रणनीति साबित हो सकती है। जानकार मानते हैं कि अगर आपके पास पहले से 3 से 5 SIP चल रही हैं, तो नई SIP शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए। ऐसा करने से आप बेफिजूल निवेश, पोर्टफोलियो में दोहराव और कम रिटर्न से बच सकते हैं।
नई एसआईपी शुरू करने से पहले तुरंत करें ये काम (AI Generated Image)
निवेश का उद्देश्य
नई एसआईपी शुरू करने से पहले इसकी जरूरत को समझें। क्या यह किसी नए वित्तीय लक्ष्य जैसे घर खरीदने, बच्चों की पढ़ाई या रिटायरमेंट के लिए है या फिर आप केवल किसी नए फंड के अच्छे प्रदर्शन को देखकर निवेश करना चाहते हैं? अगर आपका मौजूदा पोर्टफोलियो पहले से ही आपके लक्ष्यों को पूरा कर रहा है तो नई SIP की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
पोर्टफोलियो में दोहराव
कई बार निवेशक अलग-अलग म्यूचुअल फंड खरीद लेते हैं, लेकिन उनमें मौजूद कंपनियां लगभग एक जैसी होती हैं। इसे पोर्टफोलियो ओवरलैप कहा जाता है। उदाहरण के लिए अगर आपके पास पहले से एक लार्ज कैप फंड है, तो उसी तरह के दूसरे लार्ज कैप फंड में निवेश करने से विशेष फायदा नहीं मिलेगा। इसलिए नई SIP शुरू करने से पहले यह जरूर देखें कि नया फंड आपके मौजूदा निवेश से कितना अलग है।
एसेट एलोकेशन का रिव्यू
निवेश का सही संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। अगर आपके पोर्टफोलियो में पहले से इक्विटी का हिस्सा अधिक है, तो नई SIP शुरू करने से पहले यह देखें कि कहीं आपका जोखिम जरूरत से ज्यादा तो नहीं बढ़ रहा। समय-समय पर एसेट एलोकेशन को रिव्यू करना बेहतर निवेश रणनीति का हिस्सा है।
क्या मौजूदा SIP की राशि बढ़ाई जा सकती है?
अगर आपका लक्ष्य वही है, लेकिन निवेश बढ़ाना चाहते हैं, तो नई SIP शुरू करने के बजाय मौजूदा SIP में ही निवेश राशि बढ़ाना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे आपका पोर्टफोलियो सरल रहेगा और उसे ट्रैक करना भी आसान होगा।
हर अच्छा फंड खरीदना जरूरी नहीं
अक्सर निवेशक किसी फंड की हालिया शानदार रिटर्न देखकर उसमें निवेश कर देते हैं। लेकिन केवल पिछले प्रदर्शन के आधार पर फैसला लेना सही नहीं माना जाता। किसी भी फंड उसके निवेश उद्देश्य, जोखिम स्तर, फंड मैनेजर, निवेश रणनीति और लंबी अवधि के प्रदर्शन को देखकर चुना जाना चाहिए.
अपनी मासिक बचत का भी रखें ध्यान
नई SIP शुरू करने से पहले यह भी सुनिश्चित करें कि आपकी मासिक आय और खर्च का संतुलन बिगड़ न जाए। निवेश हमेशा उतना ही करें, जिसे आप लंबे समय तक बिना किसी वित्तीय दबाव के जारी रख सकें। बीच में SIP बंद करने से आपके वित्तीय लक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं।
