Share Market News Today, 04 Jan 2023: हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई है। विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड जैसे बड़े शेयर में कमजोरी के रुख के बीच आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की शुरुआत लाल निशान पर हुई थी। कारोबार के अंत तक गिरावट और बढ़ गई। बीएसई सेंसेक्स 636.75 अंक यानी 1.04 फीसदी गिरकर 60,657.45 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 189.60 अंक यानी 1.04 फीसदी नीचे 18,042.95 पर बंद हुआ।
Share Market Today: धड़ाम हुआ सेंसेक्स- निफ्टी
BSE पर लिस्टेड प्रमुख कंपनियों में से बुझवार को सिर्फ मारुति और टीसीएस के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इसके अलावा बाकी सभी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है। आइए जानते हैं कौन सी कंपनी का हाल कैसा रहा -
(स्रोत: BSE)
दिनभर के उतार- चढ़ाव के बाद बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 2,81,69,766.19 करोड़ रुपये हो गया। आइए डालते हैं सेक्टोरल फ्रंट पर एक नजर -
लाल निशान पर सभी सेक्टर्स
सेक्टोरल फ्रंट पर आज सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी मेटल और रियल्टी में आई। इनमें दो फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इनके अलावा बैंक, मीडिया, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक के शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। वहीं ऑटो, फाइनेंस सर्विस, एफएमसीजी, आईटी और फार्मा में भी गिरावट आई।
शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 104.33 अंक गिरकर 61,189.87 अंक पर था। वहीं व्यापक एनएसई निफ्टी 32.45 अंक टूटकर 18,200.10 अंक पर कारोबार कर रहा था। एशियाई बाजारों में सियोल, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में तेजी थी। वहीं तोक्यो के बाजार नुकसान में कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार नुकसान के साथ बंद हुए।
