Share Market Today: घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान जोरदार खरीदारी देखने को मिली। FMCG, बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में आई तेजी के दम पर Sensex 500 अंक से ज्यादा चढ़कर 74,432.12 तक पहुंच गया। वहीं, Nifty 132 अंक से ज्यादा तेजी के साथ 23,381.45 के करीब पहुंच गया। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में निवेशकों ने कुछ मुनाफावसूली भी की।
शेयर बाजार में मिलाजुला कारोबार (Image Source: iStock)
बड़े शेयरों में खरीदारी से बाजार मजबूत
बाजार खुलते ही निवेशकों ने चुनिंदा बड़े शेयरों में खरीदारी दिखाई, जिसका असर बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स पर दिख रहा है। AI डाटा सेंटर डील की वजह से रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर टॉप गेनर्स में शामिल है। वहीं, बाजार में FMCG शेयरों में साफ तौर पर बड़ी खरीदारी की थीम दिख रही है। इसकी वजह से निफ्टी सेंसेक्स में नैस्ले और HUL जैसे शेयर टॉप गेनर हैं। सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो FMCG शेयरों में सबसे मजबूत तेजी देखने को मिली। Nifty FMCG इंडेक्स 1.52 फीसदी उछलकर 49,184 के स्तर पर पहुंच गया।
इन सेक्टरों ने भी बाजार को सपोर्ट दिया।
क्रूड के दाम में हल्की तेजी के बाद भी अमेरिका और ईरान के बीच डील की उम्मीद से Nifty Oil & Gas सेक्टर में 0.52 फीसदी तेजी देखने को मिल रही है। इसके अलावा रिजर्व बैंक की तरफ से किए गए उपायों का असर बैंकिंग सेक्टर पर दिख रहा है। इसके चलते Nifty Private Bank में 0.51 फीसदी उछाल के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, Nifty Financial Services में 0.46 फीसदी बढ़त है। इसके अलावा लागातार 5 सत्र से बिकवाली का सामना कर रहा आइटी सेक्टर आज रिकवरी दिखा रहा है। Nifty IT में 0.24 फीसदी मजबूती आई है। Nifty Healthcare में 0.19 फीसदी तेजी देखने को मिली है।
मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव
जहां एक तरफ FMCG और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी दिखी, वहीं दूसरी तरफ मेटल शेयरों पर दबाव बना रहा। Nifty Metal इंडेक्स 1.05 फीसदी टूटकर 12,851 के करीब पहुंच गया। इसके अलावा Nifty MidSmall IT & Telecom इंडेक्स में 0.70 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा Nifty Media और Auto इंडेक्स भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मुनाफावसूली
ब्रॉड मार्केट में आज मिलाजुला कारोबार हो रहा है। जहां एक तरफ लार्जकैप शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है। वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप में मुनाफावसूली दिख रही है। इसकी वजह से Nifty 100 में 0.31 फीसदी तेजी है। जबकि, Nifty 200 में 0.21 फीसदी बढ़त देखने को मिली है। Nifty 500 में 0.18 फीसदी मजबूती है, जो बाजार में लार्जकैप में व्यापक खरीदारी को दिखाता है। दूसरी तरफ Nifty Midcap 100 में 0.20 फीसदी गिरावट है। Nifty Smallcap 100 में 0.17 फीसदी कमजोर हुआ है और Nifty Midcap 50 में 0.06 फीसदी फिसलन देखने को मिली है। इससे साफ संकेत मिलता है कि निवेशक फिलहाल बड़े और स्थिर शेयरों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
VIX में बढ़त, लेकिन घबराहट नहीं
बाजार की अस्थिरता मापने वाला India VIX 1.02 फीसदी बढ़कर 15.74 पर पहुंच गया। हालांकि VIX में हल्की बढ़त निवेशकों की सतर्कता दिखाती है, लेकिन इसका स्तर अभी भी ऐसे जोन में है जिसे बाजार के लिए सामान्य माना जाता है। इसलिए फिलहाल किसी बड़ी घबराहट के संकेत नहीं मिल रहे हैं। तकनीकी विश्लेषकों के मुताबिक Nifty के लिए 23,220-23,250 का दायरा निकटतम सपोर्ट बना हुआ है। यदि इंडेक्स इस स्तर के ऊपर टिकता है तो तेजी बरकरार रह सकती है। ऊपरी स्तर पर 23,350-23,400 पहला रेजिस्टेंस माना जा रहा है। इसके ऊपर निकलने पर Nifty 23,500 की ओर बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
