Sensex Nifty Morgan Stanley Target December 2027 : भारतीय शेयर बाजार के लिए आने वाले 13 महीने काफी अहम हो सकते हैं। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Morgan Stanley को उम्मीद है कि दिसंबर 2027 तक Sensex 95,000 अंक का स्तर छू सकता है। ब्रोकरेज के मुताबिक, भारतीय बाजार को उसकी आर्थिक क्षमता के मुकाबले अभी बेहतर वैल्यूएशन मिलना चाहिए। यही वजह है कि बाजार की री-रेटिंग (Re-rating) की संभावना बन रही है। आखिर Morgan Stanley को भारतीय शेयर बाजार में इतनी बड़ी तेजी की उम्मीद क्यों है और इसके पीछे कौन से फैक्टर काम कर सकते हैं?
सेंसेक्स में एक साल में बड़ी तेजी की उम्मीद
दिसंबर 2027 तक 95,000 का टारगेट
Morgan Stanley के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ इंडिया इक्विटी स्ट्रैटेजिस्ट रिधम देसाई (Ridham Desai) और नयंत पारेख (Nayant Parekh) की रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स के 95,000 अंक तक पहुंचने की 50% संभावना है। यह मौजूदा स्तरों से करीब 16% की संभावित बढ़त है। ब्रोकरेज ने बाजार के लिए तीन संभावित परिदृश्य पेश किए हैं। इनमें बेस केस में सेंसेक्स का लक्ष्य 95,000 रखा गया है, जबकि तेजी के माहौल में यह 1,05,000 और कमजोर परिस्थितियों में 68,000 तक जा सकता है।
क्यों भारतीय बाजार की री-रेटिंग संभव?
Morgan Stanley की तेजी की उम्मीद के पीछे सबसे बड़ा तर्क भारतीय शेयर बाजार की री-रेटिंग है। री-रेटिंग का मतलब है कि निवेशक किसी बाजार या कंपनी की भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए उसके शेयरों के लिए ज्यादा वैल्यूएशन देने को तैयार हों।
ब्रोकरेज के मुताबिक, सेंसेक्स अगर दिसंबर 2027 तक 95,000 पर पहुंचता है तो इसका ट्रेलिंग प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) रेशियो करीब 23 गुना हो सकता है। यह पिछले 25 साल के औसत 22 गुना से थोड़ा ज्यादा होगा।
क्यों मिल सकता औसत से ज्यादा वैल्यूएशन?
Morgan Stanley का मानना है कि भारत के मीडियम टर्म ग्रोथ आउटलुक को लेकर भरोसा बढ़ रहा है। देश की आर्थिक ग्रोथ की बेहतर संभावनाएं, दूसरे बाजारों के मुकाबले कम उतार-चढ़ाव, लंबी अवधि में मजबूत विकास दर और अनुमानित नीतिगत माहौल भारतीय शेयर बाजार को प्रीमियम वैल्यूएशन दिला सकते हैं। यानी ब्रोकरेज की नजर में भारत सिर्फ तेज ग्रोथ वाली अर्थव्यवस्था नहीं है, बल्कि आने वाले वर्षों में अपेक्षाकृत स्थिर ग्रोथ देने वाला बाजार भी बन सकता है।
इन फैक्टर से बदलेगी तस्वीर?
Morgan Stanley का मानना है कि भारत की अर्थव्यवस्था में कुछ ऐसे संरचनात्मक बदलाव हो रहे हैं, जो लंबे समय में शेयर बाजार के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। पहला बड़ा बदलाव GDP में कच्चे तेल की निर्भरता का कम होना है। दूसरा बदलाव एक्सपोर्ट, खासकर सर्विसेज एक्सपोर्ट की हिस्सेदारी बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा, फिस्कल कंसोलिडेशन यानी सरकार के राजकोषीय घाटे और वित्तीय स्थिति को बेहतर बनाने की प्रक्रिया से भी अर्थव्यवस्था को फायदा मिलने की उम्मीद है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इन बदलावों से अर्थव्यवस्था में बचत और निवेश के बीच असंतुलन घट सकता है और वास्तविक ब्याज दरों (Real Interest Rates) पर लंबे समय में नीचे की ओर दबाव बन सकता है।
