भारतीय रुपये में गिरावट का सिलसिला जारी है। अमेरिकी डॉलर में मजबूती के बीच बृहस्पतिवार को रुपया 33 पैसे टूटकर 94.04 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 94.06 का निचला स्तर भी छुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से डॉलर को मजबूती मिल रही है। इसका सीधा दबाव भारतीय मुद्रा पर पड़ रहा है।
अमेरिकी फेड के फैसले से डॉलर को मजबूती (File Photo)
कारोबार के दौरान 94.06 तक पहुंचा रुपया
PTI/भाषा के मुताबिक अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को 93.73 प्रति डॉलर पर खुला था। कारोबार के दौरान इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रुपये ने 93.62 का उच्चस्तर और 94.06 का निचला स्तर छुआ। अंत में यह पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 33 पैसे की गिरावट के साथ 94.04 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे एक दिन पहले बुधवार को रुपया छह पैसे मजबूत होकर 93.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
अमेरिकी फेड के फैसले से डॉलर को मजबूती
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त बयानों और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना से डॉलर मजबूत हुआ है। अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने से भी रुपये पर दबाव बना हुआ है। अगर अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो निवेशकों के लिए डॉलर में निवेश ज्यादा आकर्षक हो सकता है। इससे भारतीय रुपये जैसी दूसरी मुद्राओं पर दबाव बढ़ता है।
शेयर बाजार की तेजी से मिल सकता है सहारा
विश्लेषकों का मानना है कि घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेशी निवेश से रुपये को कुछ राहत मिल सकती है। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 31.61 अंक बढ़कर 81,911.01 पर और निफ्टी 44.30 अंक की बढ़त के साथ 25,299.35 पर बंद हुआ। वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में 12,563.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
आगे कहां तक जा सकता है रुपया?
अनुज चौधरी के अनुसार, आने वाले समय में डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर विनिमय दर 93.70 से 94.20 के दायरे में रह सकती है। कारोबारियों की नजर अमेरिका के साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और भवन निर्माण की अनुमति से जुड़े आंकड़ों पर भी रहेगी। इस बीच डॉलर इंडेक्स 0.12 फीसदी बढ़कर 103.03 पर पहुंच गया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.55 फीसदी गिरकर 92.25 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
रुपये की कमजोरी का असर: डॉलर महंगा होने से भारत के लिए कच्चे तेल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन और दूसरे आयातित सामान खरीदने की लागत बढ़ सकती है। इसका असर आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
