Reliance Share Price Today: रिलायंस के शेयरों में पिछले एक सप्ताह के दौरान तेजी से उछाल आया है। कंपनी के शेयरों ने लगभग 10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है, जबकि तीन महीनों में 16 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। हालांकि, पिछले एक साल में शेयरों में अब भी 4 प्रतिशत की गिरावट बनी हुई है। इसके बावजूद, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अब Reliance Industries के शेयरों में और ऊपर जाने की पूरी संभावना है।
रिलायंस में कितनी तेजी आनी बाकी।
ET NOW स्वदेश पैनलिस्ट और बाज़ार विशेषज्ञ आदित्य अग्रवाल के अनुसार, Reliance Industries का चार्ट सेटअप शानदार दिख रहा है। उन्होंने कहा कि शेयर में पॉजिटिव मोमेंटम बन चुका है और यह आगे चलकर और चढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि, "अगर बाजार को 24,800 के ऊपर टिके रहना है और ऊंचा जाना है, तो Reliance की भूमिका अहम होगी। मौजूदा स्तरों पर यह शेयर खरीदने लायक है। यह एक पोजिशनल ट्रेड है।"
पूरा वीडियो यहां देखें...
रिलायंस शेयर प्राइस टारगेट और स्टॉप लॉस
विशेषज्ञ का कहना है कि आने वाले दिनों में Reliance के शेयर ₹1500 तक पहुंच सकते हैं। यदि यह स्तर पार होता है, तो अगला टारगेट ₹1550 होगा। निवेशकों को ₹1390 का स्टॉप लॉस रखना चाहिए। शुक्रवार, 23 मई को शेयर ₹1,426.45 पर बंद हुआ था, जो 1.21% की बढ़त है।
Reliance Industries ने वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 2.4% साल-दर-साल बढ़त के साथ ₹19,407 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। यह नतीजे रिटेल कारोबार में सुधार और ऑयल सेगमेंट में बेहतर प्रदर्शन के चलते आए। कंपनी की कुल आय ₹2.6 लाख करोड़ रही, जो पिछली तिमाही की ₹2.4 लाख करोड़ से अधिक है।
रिलायंस 2025 के लिए डिविडेंड की घोषणा
Reliance Industries ने ₹10 फेस वैल्यू के शेयर पर ₹5.50 (55%) का डिविडेंड घोषित किया है। हालांकि, डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट अभी घोषित नहीं की गई है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण ₹19.30 लाख करोड़ से भी अधिक है, जिससे यह देश की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बनी हुई है।
डिस्क्लेमर : इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें। यहां पर दी गई सलाह ईटी नाउ स्वदेश की रिपोर्ट के आधार पर है और शेयर पर राय ईटी नाउ स्वदेश को मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत डॉट कॉम निवेश पर अपनी कोई सलाह नहीं दे रहा है।
