PM Modi Appeal and Gold Import : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2026 में देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। उनकी इस अपील के पीछे मकसद देश का कीमती विदेशी मुद्रा भंडार बचाना और सोने के आयात पर होने वाले खर्च को कम करना था। लेकिन इसी बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने महज छह महीने में विदेशों में रखा अपना 60.08 टन सोना भारत वापस मंगा लिया है।
RBI ने नया सोना नहीं खरीदा, बल्कि जो पहले से रखा है उसे मंगाया है।
इसके बाद देश के कुल गोल्ड रिजर्व का करीब 84 फीसदी हिस्सा अब भारत में ही रखा है। सवाल है कि जब प्रधानमंत्री लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील कर रहे थे, तब RBI ने इतना सोना वापस क्यों मंगाया? क्या यह सरकार की रणनीति से अलग कोई फैसला था? इसके पीछे एक बड़ी वैश्विक आर्थिक वजह है।
PM मोदी ने क्यों की थी सोना नहीं खरीदने की अपील?
दरअसल, 10 मई, 2026 को हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से कम से कम एक साल तक गैर-जरूरी सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सोने की खरीद में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में वैश्विक संकट के बीच देश को अपना विदेशी मुद्रा भंडार बचाने की जरूरत है। भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना आयातक देशों में शामिल है। देश में सोने की मांग का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है। जब लोग ज्यादा सोना खरीदते हैं, तो आयात का बिल बढ़ता है और इसके भुगतान के लिए डॉलर खर्च करने पड़ते हैं। इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ सकता है। लेकिन RBI का मामला इससे बिल्कुल अलग है। केंद्रीय बैंक ने विदेश से नया सोना नहीं खरीदा, बल्कि पहले से अपने पास मौजूद सोने को विदेशी वॉल्ट से भारत शिफ्ट किया है।
किसने और क्यों वापस मंगाया 60 टन सोना?
यह फैसला भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी विदेशी मुद्रा भंडार प्रबंधन रणनीति के तहत लिया है। RBI की छमाही रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच 60.08 टन सोना भारत वापस लाया गया। RBI के गोल्ड रिजर्व की स्थिति देखें तो सितंबर 2026 के अंत में उसके पास कुल 880.52 टन सोना था। इसमें से 740.13 टन भारत में रखा गया था, जबकि 140.39 टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) के पास सुरक्षित था। मार्च 2026 के अंत में भारत में 680.05 टन सोना रखा था। यानी छह महीने में घरेलू गोल्ड स्टोरेज में 60.08 टन की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कुल सोने की मात्रा में कोई बदलाव नहीं आया।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : RBI MPC : दिसंबर में लोन महंगा होना तय! RBI ने खुद दिया संकेत
रूस-यूक्रेन युद्ध से क्यों बढ़ी चिंता?
इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितता और विदेशी वॉल्ट में रखे रिजर्व की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता है। फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगियों ने रूस के विदेशी मुद्रा भंडार के एक बड़े हिस्से को फ्रीज कर दिया था। इस घटनाक्रम ने दुनिया के केंद्रीय बैंकों को यह सोचने पर मजबूर किया कि किसी दूसरे देश में रखा उनका रिजर्व संकट के समय कितना सुरक्षित और सुलभ रहेगा। ऐसे में सोने को अपने देश में रखना रणनीतिक रूप से अहम हो जाता है। इससे केंद्रीय बैंक को अपने गोल्ड रिजर्व पर ज्यादा सीधा नियंत्रण मिलता है। भारतीय रिजर्व बैंक भी अक्टूबर 2022 से लगातार अपने सोने का ज्यादा हिस्सा भारत में रखने की दिशा में काम कर रहा है।
RBI गवर्नर ने खुद बताई थी सोना वापस लाने की वजह
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने 5 दिसंबर 2025 को मौद्रिक नीति के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सवाल का जवाब दिया था। उनसे पूछा गया था कि क्या युद्ध और दूसरे देशों के विदेशी मुद्रा भंडार फ्रीज किए जाने की घटनाओं को देखते हुए RBI विदेशों में रखा अपना सोना वापस ला रहा है? इस पर गवर्नर ने कहा था कि RBI अपने गोल्ड रिजर्व में विविधता ला रहा है। सारा सोना एक ही जगह रखना सही नहीं है। उनके मुताबिक, सोने को अलग-अलग जगह रखने की रणनीति के पीछे यही सोच काम कर रही है।
