Petrol-Diesel Rate Today: मिडिल ईस्ट में छिड़ी ईरान, इजरायल और अमेरिका की जंग का असर अब पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। इस युद्ध ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों को धधका दिया है, जिससे पिछले कई सालों के रिकॉर्ड टूट गए हैं। सोमवार, 12 मार्च 2026 को कच्चे तेल की कीमतों में 6 फीसदी की तूफानी तेजी देखी गई, जिसके बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 98.16 डॉलर प्रति बैरल के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। युद्ध के इस खतरनाक मोड़ ने भारतीय तेल कंपनियों और आम आदमी की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
देश की तेल विपणन कंपनियां (OMCs) हर रोज सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की नई दरें जारी करती हैं। ये कीमतें मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति में होने वाले उतार-चढ़ाव पर निर्भर करती हैं। चूंकि ईंधन के दामों में होने वाला मामूली बदलाव भी दफ्तर जाने वाले आम आदमी से लेकर फल-सब्जी के व्यापारियों तक, हर किसी की जेब पर सीधा असर डालता है, इसलिए हर दिन के रेट्स की जानकारी रखना एक समझदारी भरा कदम है। आइए जानते हैं, आपके शहर में आज पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव क्या है।
भारत पर बढ़ता दबाव और सप्लाई का संकट
कच्चे तेल की कीमतों में आई इस 'सुनामी' के पीछे सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का लगभग बंद होना है। दुनिया के कुल तेल व्यापार का एक बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। रास्ता बंद होने और ईरान द्वारा रिफाइनरियों को निशाना बनाने की खबरों से तेल की सप्लाई बुरी तरह अटक गई है। हालांकि भारत ने इस संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाश लिए हैं, लेकिन नए रास्तों से शिपिंग और बीमा (Insurance) का खर्च काफी बढ़ गया है। जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत में महज 1 डॉलर की बढ़ोतरी भी भारत के सालाना आयात बिल (Import Bill) को 2 अरब डॉलर तक बढ़ा देती है।
आज आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के रेट
| शहर | पेट्रोल | डीजल |
| दिल्ली | 94.72 | 87.62 |
| नोएडा | 94.90 | 88.18 |
| मुंबई | 104.21 | ₹92.15 |
| चेन्नई | 100.75 | 92.34 |
| लखनऊ | 94.69 | 87.81 |
| पटना | 105.58 | 91.49 |
